जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय मथुरापुर का किया औचक निरीक्षण
जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय मथुरापुर का किया औचक निरीक्षण
स्मार्ट क्लास, खेल गतिविधियों, गुणवत्तापूर्ण मिड-डे मील एवं मूलभूत सुविधाओं का लिया जायजा
विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता एवं व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर विद्यालय प्रबंधन की सराहना
सभी व्यवस्थाओं को इसी प्रकार सुदृढ़ बनाए रखने के दिए निर्देश

गौतमबुद्धनगर। जिलाधिकारी द्वारा ब्लॉक दादरी के प्राथमिक विद्यालय मथुरापुर का औचक निरीक्षण कर विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपस्थिति, स्मार्ट क्लास, खेल गतिविधियों, मिड-डे मील, स्वच्छता तथा अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, स्मार्ट क्लास एवं डिजिटल शिक्षण व्यवस्था, खेल गतिविधियां, मिड-डे मील, स्वच्छता तथा मूलभूत सुविधाएं संतोषजनक एवं सुदृढ़ पाई गईं, जिस पर जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों के कार्यों की सराहना की। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालय में उपलब्ध सभी व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं को इसी प्रकार बेहतर और सुदृढ़ बनाए रखा जाए तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कार्यरत सभी शिक्षक उपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने विद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति की जानकारी प्राप्त करते हुए प्रधानाचार्य को छात्रों की उपस्थिति में और वृद्धि करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई-लिखाई एवं शैक्षिक प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बच्चों से गिनती तथा 15 से 20 तक के पहाड़े सुने, जोकि छात्रों द्वारा आसानी से सुनायें गयें। विभिन्न कक्षाओं में जाकर जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से पाठ्यक्रम एवं शिक्षण गतिविधियों से संबंधित प्रश्न पूछे और शिक्षकों द्वारा कराए जा रहे शिक्षण कार्य की गुणवत्ता को परखा, जो कि संतोषजनक मिली।
विद्यालय में उपलब्ध स्मार्ट क्लास एवं डिजिटल शिक्षण व्यवस्था का भी जिलाधिकारी द्वारा अवलोकन किया गया। उन्होंने निर्देशित किया कि स्मार्ट क्लास एवं स्क्रीन का उपयोग विषय की आवश्यकता एवं विद्यार्थियों की बेहतर समझ के लिए प्रभावी ढंग से किया जाए। साथ ही, शिक्षण कार्य में व्हाइट बोर्ड सहित पारंपरिक एवं आधुनिक दोनों शिक्षण विधियों का संतुलित उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने विद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए संचालित खेलकूद एवं स्पोर्ट्स गतिविधियों की जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियां बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। विद्यालय में विद्यार्थियों की रुचि के अनुरूप नियमित खेल एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने विद्यालय की सभी कक्षाओं का निरीक्षण किया। कक्षाओं में रखी अलमारियों में शैक्षिक एवं अन्य सामग्री का अवलोकन किया गया। सभी सामग्री व्यवस्थित एवं निर्धारित स्थान पर पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों की सराहना की।
जिलाधिकारी ने विद्यालय की मिड-डे मील व्यवस्था एवं भोजन की गुणवत्ता का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण, पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन इसी प्रकार उपलब्ध कराया जाए तथा भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता पर नियमित रूप से विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने विद्यालय के शौचालयों, पेयजल व्यवस्था, प्रकाश एवं वेंटिलेशन, कक्षाओं, कार्यालय, परिसर की स्वच्छता तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। विद्यालय परिसर एवं विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई की व्यवस्था सुदृढ़ पाए जाने पर जिलाधिकारी ने प्रसन्नता व्यक्त की तथा व्यवस्थाओं को इसी प्रकार बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विद्यालय में उपलब्ध शैक्षिक संसाधनों, स्मार्ट क्लास, खेल गतिविधियों, मिड-डे मील व्यवस्था, स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं की सुदृढ़ व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों की सराहना की। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालय में वर्तमान में उपलब्ध सभी व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं को इसी प्रकार प्रभावी, व्यवस्थित एवं सुदृढ़ बनाए रखा जाए। साथ ही, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, शैक्षिक गुणवत्ता एवं सीखने के स्तर में निरंतर सुधार के लिए विशेष ध्यान दिया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी के साथ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार, प्रधानाचार्य प्राथमिक विद्यालय मथुरापुर, शिक्षकगण तथा अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।




