आईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज में टेक्ट्रिक्स’26 का भव्य शुभारंभ, 1700 विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर
आईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज में टेक्ट्रिक्स’26 का भव्य शुभारंभ, 1700 विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर
620 टीमों ने लिया हिस्सा, तकनीक, रोबोटिक्स और नवाचार से जुड़ी प्रतियोगिताओं में दिखा युवाओं का उत्साह

ग्रेटर नोएडा। आईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज, ग्रेटर नोएडा में दो दिवसीय राष्ट्रीय स्तरीय तकनीकी महोत्सव टेक्ट्रिक्स’26 का भव्य शुभारंभ हुआ। महोत्सव में विभिन्न कॉलेजों के करीब 1700 विद्यार्थियों ने 620 टीमों के साथ भाग लेकर तकनीकी प्रतिभा, रचनात्मकता और नवाचार का प्रदर्शन किया।महोत्सव के पहले दिन प्रोजेक्ट एवं पोस्टर प्रदर्शनी, जूनियर आइडियाथॉन, हैकाथॉन, बीजीएमआई, जूनियर रोबो रेस, रोबो सूमो और बी-प्लान सहित कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने रोबोटिक्स, प्रोग्रामिंग, इंजीनियरिंग और उद्यमिता से जुड़े अपने विचारों एवं कौशल का प्रदर्शन किया।
पोस्टर प्रदर्शनी में टीम क्रिएटिव माइंड्स के हरिओम मित्तल और सक्षम गुप्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। टीम आर्टिस्टिकवर्ल्ड की अंजलि कुशवाहा और अंजलि झा दूसरे, जबकि टीम पल्स पायनियर की वैभवी पांडेय तीसरे स्थान पर रहीं।जूनियर रोबो रेस में टीम हरियाणवी टर्बो के रिदान ठाकुर और विदित गर्ग ने प्रथम स्थान हासिल किया। टीम रोबो आरएम के रेहान मलिक दूसरे और टीम टैगोर स्टॉर्म के यश पुनिया तीसरे स्थान पर रहे।
कॉलेज के निदेशक डॉ. मयंक गर्ग ने कहा कि टेक्ट्रिक्स’26 का उद्देश्य विद्यार्थियों में नवाचार, तकनीकी दक्षता और उद्यमशीलता की भावना को बढ़ावा देना है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने और भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार होने का अवसर प्रदान करते हैं।महोत्सव के दूसरे दिन 24 अक्टूबर को रोबो सॉकर, सीनियर रोबो रेस, रोबो वॉर, रोबो सूमो, ड्रोन रेस, वैलोरेंट और वाइब कोड एरीना सहित कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। महोत्सव युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मंच प्रदान कर रहा है।




