नवजात शिशुओं की आंखों की रोशनी बचाने में जुटा जीआईएमएस, 23 बच्चों की हुई जांच
नवजात शिशुओं की आंखों की रोशनी बचाने में जुटा जीआईएमएस, 23 बच्चों की हुई जांच
समयपूर्व जन्म लेने वाले बच्चों में दृष्टिहीनता रोकने के लिए शुरू की विशेष पहल, दो नवजात शिशुओं का लेजर तकनीक से किया गया सफल उपचार

ग्रेटर नोएडा। समयपूर्व जन्म लेने वाले और कम वजन वाले नवजात शिशुओं की आंखों की रोशनी सुरक्षित रखने के लिए ग्रेटर नोएडा स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जीआईएमएस) ने विशेष पहल शुरू की है। इसके तहत अक्टूबर माह से नवजात शिशुओं में होने वाली गंभीर बीमारी रेटिनोपैथी ऑफ प्रीमैच्योरिटी (आरओपी) की नियमित जांच की जा रही है। इस पहल के तहत अब तक 23 नवजात शिशुओं की आंखों की जांच की जा चुकी है।आरओपी एक ऐसी गंभीर बीमारी है, जो मुख्य रूप से समय से पहले जन्म लेने वाले और कम वजन वाले बच्चों की आंखों को प्रभावित करती है। समय पर बीमारी की पहचान और उपचार नहीं होने पर बच्चे की आंखों की रोशनी हमेशा के लिए जा सकती है। इसी खतरे को देखते हुए जीआईएमएस ने नियमित जांच और समय पर उपचार की व्यवस्था शुरू की है।
संस्थान के इस कार्यक्रम में आईकेयर आई हॉस्पिटल के वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ और उनकी टीम सहयोग कर रही है। विशेषज्ञों की टीम प्रत्येक बृहस्पतिवार को जीआईएमएस पहुंचकर पात्र नवजात शिशुओं की आंखों की जांच करती है।
इस पहल की महत्वपूर्ण उपलब्धि यह है कि जांच के दौरान दो नवजात शिशुओं में उपचार की आवश्यकता पाए जाने पर संस्थान में ही लेजर तकनीक के माध्यम से उनका उपचार किया गया। इससे आरओपी के मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में संस्थान की सुविधाएं मजबूत हुई हैं।चिकित्सकीय दिशानिर्देशों के अनुसार, दो हजार ग्राम से कम वजन वाले, 34 सप्ताह से पहले जन्मे तथा कुछ विशेष स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे नवजात शिशुओं की आंखों की जांच आवश्यक है। विशेषज्ञों के अनुसार, सामान्यतः जन्म के चार सप्ताह के भीतर पहली जांच करानी चाहिए। वहीं, 28 सप्ताह से कम गर्भावधि या 1200 ग्राम से कम वजन वाले बच्चों की जांच दो से तीन सप्ताह के भीतर शुरू कर देनी चाहिए।जीआईएमएस की ओर से अभिभावकों और स्वास्थ्यकर्मियों से अपील की गई है कि समय से पहले जन्म लेने वाले बच्चों की आंखों की जांच को नजरअंदाज न करें। बच्चा बाहर से स्वस्थ दिखाई देने पर भी उसमें आरओपी की समस्या हो सकती है। ऐसे में निर्धारित समय पर जांच और जरूरत पड़ने पर उपचार कराकर उसकी आंखों की रोशनी सुरक्षित रखी जा सकती है।संस्थान का उद्देश्य नवजात शिशुओं में दृष्टिहीनता के खतरे को कम करना और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।समय पर जांच और उपचार से बचाई जा सकती है नवजात की आंखों की रोशनी।





