GautambudhnagarGreater noida news

जैक्सन ग्रुप और अभिनंदन की पहल से संवरा दुरीयाई गांव का सरकारी विद्यालय, सात कक्षों का कराया नवीनीकरण

जैक्सन ग्रुप और अभिनंदन की पहल से संवरा दुरीयाई गांव का सरकारी विद्यालय, सात कक्षों का कराया नवीनीकरण

प्रोजेक्ट आरंभ के तहत स्कूल में फर्श, रंगाई-पुताई, बिजली और अन्य सुविधाओं में हुआ सुधार, बच्चों को मिलेगा बेहतर शैक्षणिक माहौल

ग्रेटर नोएडा। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में जैक्सन ग्रुप और अभिनंदन एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी ने सराहनीय पहल की है। दोनों संस्थाओं के संयुक्त प्रयास से गौतम बुद्ध नगर के बिसरख ब्लॉक स्थित दुरीयाई गांव के राजकीय विद्यालय का नवीनीकरण कराया गया। शनिवार को विद्यालय के नवीनीकरण कार्य का उद्घाटन किया गया।

यह पहल ‘प्रोजेक्ट आरंभ’ के तहत पूरी की गई है। उद्घाटन समारोह में जैक्सन ग्रुप की जेसिका बार्नेट, अभिनंदन एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी की संस्थापक एवं सीईओ मनीषा भाटिया, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण समुदाय के सदस्य मौजूद रहे।

परियोजना के अंतर्गत विद्यालय के सात कक्षों का नवीनीकरण कराया गया है। इसके साथ ही फर्श की मरम्मत, रंगाई-पुताई, विद्युत सुविधाओं में सुधार, दरवाजों और खिड़कियों की मरम्मत, रसोईघर एवं स्टोर का नवीनीकरण, मुख्य प्रवेश द्वार का विकास और विद्यालय परिसर का सौंदर्याकरण किया गया है।

इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है। इससे बच्चों की विद्यालय में नियमित उपस्थिति बढ़ाने, पढ़ाई के प्रति रुचि विकसित करने और उनके शैक्षणिक विकास को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर अभिनंदन एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी की संस्थापक एवं सीईओ मनीषा भाटिया ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को बेहतर शिक्षा के साथ सुरक्षित, स्वच्छ और प्रेरणादायक वातावरण मिलना चाहिए। प्रोजेक्ट आरंभ केवल विद्यालय के बुनियादी ढांचे में सुधार की पहल नहीं है, बल्कि बच्चों के सपनों, आत्मविश्वास और बेहतर भविष्य में निवेश है। उन्होंने इस पहल में सहयोग और विश्वास के लिए जैक्सन ग्रुप का आभार व्यक्त किया।

यह परियोजना जैक्सन ग्रुप की सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति प्रतिबद्धता और अभिनंदन एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी के ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक विकास के प्रयासों का उदाहरण है। दोनों संस्थाओं का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में समान अवसर उपलब्ध कराना और ग्रामीण समुदायों में सकारात्मक बदलाव लाना है।

प्रोजेक्ट आरंभ का संदेश है— ‘बेहतर विद्यालयों का निर्माण, उज्ज्वल भविष्य की ओर एक कदम।’

Related Articles

Back to top button