GautambudhnagarGreater noida news

जीएनआईओटी में एडोबी क्रिएटिव क्लाउड ओरिएंटेशन प्रोग्राम का भव्य आयोजन, 1000 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

जीएनआईओटी में एडोबी क्रिएटिव क्लाउड ओरिएंटेशन प्रोग्राम का भव्य आयोजन, 1000 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

डिजिटल क्रिएटिविटी, डिजाइनिंग और जनरेटिव एआई की आधुनिक तकनीकों से रूबरू हुए विद्यार्थी, एडोबी इंडिया के विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (जीएनआईओटी) में विद्यार्थियों को आधुनिक डिजिटल तकनीकों, रचनात्मकता और जनरेटिव आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की संभावनाओं से परिचित कराने के उद्देश्य से एडोबी क्रिएटिव क्लाउड ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। 20 नवंबर को आयोजित इस कार्यक्रम में इंजीनियरिंग के विभिन्न विभागों के साथ बीसीए और एमसीए के 1000 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों की अधिक संख्या को देखते हुए कार्यक्रम तीन सत्रों में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) धीरज गुप्ता के स्वागत संबोधन के साथ हुआ। इस अवसर पर निदेशक (आईआईसी) प्रो. (डॉ.) बबीता जी. कटारिया, डीन एकेडमिक प्रो. (डॉ.) संजय कटियार और डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. (डॉ.) विजय शुक्ला उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) निखिल गोविल ने किया। वहीं, डॉ. श्रीजा कक्कर और भावना सचदेवा ने मंच संचालन किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को एडोबी क्रिएटिव क्लाउड के आधुनिक डिजिटल और रचनात्मक टूल्स की जानकारी देना तथा उद्योग जगत की बदलती जरूरतों के अनुरूप उनके कौशल को विकसित करना था। इसमें डिजिटल क्रिएटिविटी, डिजाइनिंग, कंटेंट निर्माण और जनरेटिव एआई के व्यावहारिक उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम में एडोबी इंडिया और सुप्रेमएनटीआर के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव और तकनीकी जानकारियां साझा कीं। प्रमुख वक्ताओं में एडोबी इंडिया के लीड (एजुकेशन) नितिन पाहवा, सुप्रेमएनटीआर के निदेशक डॉ. राजेश यू.एस. और प्रोग्राम मैनेजर वेदांतिका शामिल रहे। विशेषज्ञों ने आधुनिक डिजाइन, डिजिटल कंटेंट निर्माण और जनरेटिव एआई के व्यावहारिक उपयोग के साथ-साथ इन क्षेत्रों में भविष्य की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला।

इस दौरान विद्यार्थियों को एडोबी क्रिएटिव क्लाउड के अंतर्गत फोटोशॉप, इलस्ट्रेटर, एक्रोबैट प्रो, एडोबी फायरफ्लाई, प्रीमियर और एडोबी एक्सप्रेस जैसे टूल्स की उपयोगिता बताई गई। विशेषज्ञों ने समझाया कि इन टूल्स का उपयोग ग्राफिक डिजाइनिंग, मल्टीमीडिया, वीडियो एडिटिंग, विजुअल कम्युनिकेशन और डिजिटल कंटेंट निर्माण जैसे क्षेत्रों में किस प्रकार किया जा सकता है।

कार्यक्रम के समापन पर डीन (कॉरपोरेट एकेडमिक रिलेशंस सेल) प्रो. (डॉ.) पवन शुक्ला ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले एडोबी इंडिया और सुप्रेमएनटीआर के विशेषज्ञों, संस्थान के अधिकारियों, आयोजन समिति और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

इस आयोजन का श्रेय जीएनआईओटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. राजेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन को दिया गया। वाइस चेयरमैन गौरव गुप्ता और मैनेजिंग डायरेक्टर वंश गुप्ता के सहयोग एवं मार्गदर्शन ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

संस्थान की ओर से बताया गया कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक और तकनीकी दौर में विद्यार्थियों के लिए पारंपरिक तकनीकी एवं प्रोग्रामिंग ज्ञान के साथ डिजिटल क्रिएटिविटी, डिजाइनिंग, मल्टीमीडिया, विजुअल कम्युनिकेशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित तकनीकों की जानकारी भी जरूरी है। ऐसे उद्योग-केंद्रित कार्यक्रम विद्यार्थियों को नई तकनीकों से जोड़ने, उनकी रचनात्मक क्षमता विकसित करने और भविष्य की व्यावसायिक चुनौतियों के लिए तैयार करने में सहायक साबित होते हैं।

जीएनआईओटी का यह आयोजन विद्यार्थियों को अकादमिक शिक्षा के साथ उद्योग जगत की आधुनिक जरूरतों से जोड़ने और उनके कौशल विकास को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।

Related Articles

Back to top button