GautambudhnagarGreater Noida AuthorityGreater noida news

जनगणना ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर होगी एफआईआर, तत्काल कार्य शुरू करने के निर्देश

जनगणना ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर होगी एफआईआर, तत्काल कार्य शुरू करने के निर्देश

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में 2436 इन्यूमेरेटर और 330 सुपरवाइजर की तैनाती, शत-प्रतिशत स्वगणना कराने वाली सोसाइटियों के आरडब्ल्यूए होंगे सम्मानित

ग्रेटर नोएडा। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके तहत 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान नागरिक जनगणना पोर्टल पर जाकर अपने और अपने परिवार से संबंधित जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से लोगों से स्वगणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में जनगणना का कार्य सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। नगर जनगणना अधिकारी एवं प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने बताया कि जनगणना कार्य के लिए कुल 2436 इन्यूमेरेटर और 330 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। सभी कर्मचारियों को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि निर्धारित समयसीमा में जनगणना का कार्य पूरा कराया जा सके।

उन्होंने बताया कि कुछ इन्यूमेरेटर ने अभी तक अपनी ड्यूटी प्राप्त नहीं की है और न ही आवंटित कार्यक्षेत्र में जनगणना का कार्य शुरू किया है। ऐसे कर्मचारियों को सख्त चेतावनी देते हुए तत्काल ड्यूटी पत्र प्राप्त कर अपने निर्धारित क्षेत्र में काम शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

एसीईओ सुमित यादव ने स्पष्ट किया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्देशों का पालन नहीं करने वाले इन्यूमेरेटर के खिलाफ जनगणना अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराने सहित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए संबंधित कर्मचारी स्वयं जिम्मेदार होंगे। उन्होंने सभी कर्मचारियों से निर्धारित समयसीमा में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की अपील की है।

शत-प्रतिशत स्वगणना कराने वाले सेक्टरों के आरडब्ल्यूए होंगे सम्मानित

स्वगणना अभियान के तहत जिस भी सेक्टर या सोसाइटी के शत-प्रतिशत निवासी 30 नवंबर तक अपनी जानकारी दर्ज कराएंगे, वहां के ब्लॉक या सेक्टर प्रतिनिधि (आरडब्ल्यूए) को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

एसीईओ एवं नगर जनगणना अधिकारी सुमित यादव ने सभी सेक्टरवासियों और आवासीय सोसाइटियों के निवासियों से स्वगणना अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने तथा जनगणना कार्य को सफल बनाने में सहयोग करने

की अपील की है।

Related Articles

Back to top button