GautambudhnagarGreater noida news

शारदा यूनिवर्सिटी में महिलाओं के खिलाफ हिंसा रोकने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

शारदा यूनिवर्सिटी में महिलाओं के खिलाफ हिंसा रोकने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

ग्रेटर नोएडा। शारदा यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ साइंसेज इन नर्सिंग रिसर्च (एसएसएनएसआर) की ओर से 25 नवंबर को शारदा अस्पताल, नॉलेज पार्क-3 में महिलाओं के खिलाफ हिंसा उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, लैंगिक समानता और हिंसा की रोकथाम के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया गया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न, शारीरिक एवं मानसिक दुर्व्यवहार और मानव तस्करी जैसी समस्याओं के प्रति लोगों को जागरूक करना था। इस दौरान प्रतिभागियों को पीड़ित महिलाओं के अधिकारों, कानूनी संरक्षण, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया और उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई।इस अवसर पर एसएसएनएसआर के एसोसिएट डीन प्रो. (डॉ.) आर. श्रीराजा कुमार ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा एक गंभीर सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी चुनौती है। शैक्षणिक संस्थानों की जिम्मेदारी है कि वे जागरूकता फैलाने के साथ भेदभावपूर्ण सोच और सामाजिक कुरीतियों को दूर करने में योगदान दें।वहीं, प्रसूति एवं स्त्री रोग नर्सिंग विभाग की प्रमुख प्रो. (डॉ.) रेखा कुमारी ने कहा कि हिंसा से प्रभावित महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं, परामर्श, कानूनी सहायता और सामाजिक सहयोग मिलना बेहद जरूरी है। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों के प्रति संवेदनशील समाज बनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम का आयोजन प्रो. (डॉ.) आर. श्रीराजा कुमार और प्रो. (डॉ.) रेखा कुमारी के निर्देशन में किया गया। इसका समन्वय असिस्टेंट प्रोफेसर रिंगकांगमाई लियांगकिउविलियु और एंजेला मरांडी ने किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, स्वास्थ्य पेशेवरों और अन्य प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।कार्यक्रम के माध्यम से शारदा यूनिवर्सिटी ने महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित, समान और सम्मानजनक वातावरण तैयार करने तथा हिंसा और भेदभाव के खिलाफ सामूहिक जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।

Related Articles

Back to top button