द्रोणाचार्य पीजी कॉलेज में तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
द्रोणाचार्य पीजी कॉलेज में तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
मशाल प्रज्वलित कर प्रबंधक रजनीकांत अग्रवाल ने किया उद्घाटन, पहले दिन एथलेटिक्स, शतरंज, गोला फेंक और रस्साकशी में विद्यार्थियों ने दिखाया शानदार प्रदर्शन

दनकौर। श्री द्रोणाचार्य पीजी कॉलेज, दनकौर में गुरुवार को तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का उत्साह और खेल भावना के साथ भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन महाविद्यालय के प्रबंधक रजनीकांत अग्रवाल ने मशाल प्रज्वलित कर किया। इसके बाद पिछली प्रतियोगिता की चैंपियन छात्रा शिवानी ने मशाल लेकर दौड़ लगाई और खिलाड़ियों को अनुशासन, समर्पण एवं खेल भावना का संदेश दिया।उद्घाटन समारोह में प्रबंध समिति के सदस्य सोनू वर्मा, सुशील मांगलिक (बाबा), अनुपम गोयल, सुमित शर्मा, प्राचार्य डॉ. गिरिश कुमार वत्स, उप प्राचार्या डॉ. रश्मि गुप्ता, खेल प्रभारी अमित नागर सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को शारीरिक एवं मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।प्रतियोगिता के पहले दिन आयोजित एथलेटिक्स स्पर्धाओं में 100 मीटर बालक वर्ग में मनीष भाटी ने प्रथम, राजीव ने द्वितीय और मोहित ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में काजल प्रथम, करीना द्वितीय और कोमल तृतीय स्थान पर रहीं। 200 मीटर बालिका दौड़ में काजल ने प्रथम, तन्नू ने द्वितीय और करीना ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं 800 मीटर बालक वर्ग में ऋतिक प्रथम, प्रिंस द्वितीय और आतिश तृतीय रहे। बालिका वर्ग में शिवानी ने प्रथम, रितिका शर्मा ने द्वितीय और तन्नू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
गोला फेंक के बालक वर्ग में मनीष भाटी प्रथम, अभिषेक कसाना द्वितीय और प्रिंस तृतीय रहे। बालिका वर्ग में काजल ने प्रथम, खुशी मलिक ने द्वितीय और प्रिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। शतरंज प्रतियोगिता के बालक वर्ग में पर्व जैन और बालिका वर्ग में प्रज्ञा शर्मा ने प्रथम स्थान हासिल किया।
तश्तरी फेंक प्रतियोगिता के बालक वर्ग में सीताराम प्रथम, विकास द्वितीय और अनुज तृतीय रहे। बालिका वर्ग में काजल ने प्रथम, शिवानी ने द्वितीय और खुशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। रस्साकशी प्रतियोगिता के बालक वर्ग में बीए की टीम विजेता रही, जबकि बीएससी, बीबीए और बीसीए की संयुक्त टीम उपविजेता बनी। बालिका वर्ग में बीए की छात्राओं ने प्रथम और बीकॉम की छात्राओं ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।इस अवसर पर प्रबंधक रजनीकांत अग्रवाल ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और संघर्ष करने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।प्रतियोगिता के सफल आयोजन में महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा। तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में आगामी दिनों में भी विभिन्न खेल एवं एथलेटिक्स स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। महाविद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





