दनकौर में 103वें श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मेले में विशाल कुश्ती दंगल, अनुज पंडित और विशाल पहलवान का मुकाबला रहा बराबरी पर
दनकौर में 103वें श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मेले में विशाल कुश्ती दंगल, अनुज पंडित और विशाल पहलवान का मुकाबला रहा बराबरी पर

दनकौर। 103वें श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मेले के अवसर पर सोमवार को दनकौर में श्री द्रोण गौशाला समिति के तत्वावधान में विशाल कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। दंगल का शुभारंभ समिति के अध्यक्ष राकेश कुमार गर्ग एवं प्रबंधक रजनीकान्त अग्रवाल ने फीता काटकर किया।दंगल में देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नामचीन पहलवानों ने दमदार दांव-पेच दिखाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। मुकाबले देखने के लिए हजारों की संख्या में दर्शक पहुंचे और तालियों व जयकारों के साथ पहलवानों का उत्साह बढ़ाया।दंगल की सबसे बड़ी कुश्ती अनुज पंडित पहलवान और विशाल पहलवान के बीच हुई। दोनों पहलवानों ने लंबे समय तक एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी। शानदार प्रदर्शन के बाद मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ।दंगल में विभिन्न इनामी कुश्तियां भी कराई गईं। पहली कुश्ती के विजेता को 21 हजार रुपये, दूसरी कुश्ती के विजेता को 11 हजार रुपये और तीसरी कुश्ती के विजेता को 5,100 रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। इसके अलावा 4,100, 3,100 और 2,100 रुपये की इनामी कुश्तियां भी आयोजित हुईं।
इस मौके पर राकेश कुमार गर्ग, मोहित कुमार गर्ग, रजनीकान्त अग्रवाल, संजीव कुमार गुप्ता, सुशील कुमार मांगलिक, संजय कुमार गोयल, पंकज गर्ग, मनोज त्यागी, सोनू वर्मा, पवन खटाना, ओमवीर सिंह भाटी, डॉ. गिरीश कुमार वत्स, चंद्रपाल सिंह नागर, ध्रुव गोयल सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।समिति के प्रबंधक रजनीकान्त अग्रवाल ने कहा कि दनकौर का श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मेला 103 वर्षों की ऐतिहासिक परंपरा को आगे बढ़ा रहा है। कुश्ती दंगल जैसे आयोजन भारतीय पारंपरिक खेलों और ग्रामीण खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का काम करते हैं।
दंगल में उमड़ी भारी भीड़ ने रोमांचक मुकाबलों का जमकर आनंद लिया। आयोजन को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों का विशेष सहयोग रहा।




