यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में मदरसन समूह करेगा 3,491 करोड़ का निवेश, 20 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार
यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में मदरसन समूह करेगा 3,491 करोड़ का निवेश, 20 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार
सेक्टर-6 और 7 में 150 एकड़ जमीन आवंटित, पांच साल में स्थापित होंगी अत्याधुनिक विनिर्माण इकाइयां

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में औद्योगिक विकास को नई गति मिलने जा रही है। संवर्धना मदरसन इंटरनेशनल लिमिटेड और उसके समूह की कंपनियां यहां करीब 3,491 करोड़ रुपये का निवेश करेंगी। इसके लिए सेक्टर-6 और सेक्टर-7 में 150 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। इस परियोजना से अगले पांच वर्षों में 15 हजार से 20 हजार लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
परियोजना के तहत ऑटोमोबाइल कलपुर्जों से लेकर एयरोस्पेस कंपोनेंट्स तक के निर्माण के लिए अत्याधुनिक औद्योगिक इकाइयां स्थापित की जाएंगी। इनमें वायरिंग हार्नेस, रियर-व्यू मिरर, ऑटोमोबाइल लाइटिंग सिस्टम, इंजेक्शन मोल्डिंग उत्पाद, कटिंग टूल्स और एग्जॉस्ट सिस्टम सहित कई उत्पादों का निर्माण होगा। साथ ही डिजाइन, असेंबली, परीक्षण और आधुनिक टूलिंग से जुड़ी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।प्लांट और मशीनरी पर खर्च होंगे 1,928 करोड़ रुपये
कंपनी की प्रस्तावित योजना के अनुसार, कुल निवेश में 183 करोड़ रुपये भूमि, 997 करोड़ रुपये भवन निर्माण, 1,928 करोड़ रुपये प्लांट एवं मशीनरी और 383 करोड़ रुपये अन्य सुविधाओं पर खर्च किए जाएंगे। परियोजना को चरणबद्ध तरीके से पांच वर्षों में विकसित करने की योजना है।मदरसन समूह वैश्विक स्तर पर ऑटोमोबाइल कलपुर्जों की आपूर्ति करने वाली प्रमुख कंपनियों में शामिल है। समूह का कारोबार 47 देशों में फैला है और इसके 425 से अधिक विनिर्माण एवं परिचालन केंद्र हैं। समूह में दो लाख से अधिक पेशेवर कार्यरत हैं।यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में इस बड़े निवेश से औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। इसके अलावा ऑटोमोबाइल क्षेत्र से जुड़े सहायक उद्योगों, आपूर्तिकर्ताओं और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को भी लाभ मिल सकता है। यह परियोजना क्षेत्र को प्रमुख औद्योगिक एवं विनिर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।




