वनस्थली प्रीमियर लीग में दिखा क्रिकेट का रोमांच, पिताओं ने पेश की खेल भावना की मिसाल
वनस्थली प्रीमियर लीग में दिखा क्रिकेट का रोमांच, पिताओं ने पेश की खेल भावना की मिसाल

ग्रेटर नोएडा। वनस्थली पब्लिक स्कूल, जीटा-1 में शनिवार को वनस्थली प्रीमियर लीग (VPL) 2026 के तहत विशेष फादर्स क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। आयोजन का उद्देश्य विद्यालय और अभिभावकों के बीच जुड़ाव मजबूत करने के साथ-साथ खेल भावना, टीमवर्क और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना था। प्रतियोगिता में पिताओं की चार टीमों—वनस्थली रॉयल्स, वनस्थली चैलेंजर्स, वनस्थली सुपर किंग्स और वनस्थली टाइटंस—ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान तीन रोमांचक मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। कार्यक्रम में सीएलटी-10 खिलाड़ी रिंकू कसाना और आईएससीएल खिलाड़ी हाशिम शेख बतौर प्रमुख अतिथि मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और आयोजन की सराहना की। फाइनल मुकाबला वनस्थली रॉयल्स और वनस्थली टाइटंस के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन शानदार प्रदर्शन के दम पर वनस्थली रॉयल्स ने VPL 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। सुबह से ही विद्यालय परिसर में क्रिकेट को लेकर उत्साह का माहौल रहा। चौकों-छक्कों और रोमांचक पलों ने दर्शकों में खासा जोश भर दिया। खिलाड़ियों ने जीत के साथ-साथ अनुशासन और खेल भावना का भी शानदार परिचय दिया। विद्यालय की प्रधानाचार्या सना जैन ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यालय और अभिभावकों के संबंधों को मजबूत करने के साथ स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं। उप-प्रधानाचार्या श्रीमती शैली खुराना ने भी सभी प्रतिभागी पिताओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना की। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के खेल विभाग के साहिल सर, विपिन सर, तुषार सर और अमीर सर का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं हेमांशु सर और ऋषभ सर ने अंपायर की भूमिका निभाते हुए मुकाबलों का निष्पक्ष संचालन कराया। VPL 2026 की विजेता वनस्थली रॉयल्स रही। आयोजन ने यह संदेश दिया कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं, बल्कि एकता, अनुशासन, नेतृत्व और सहयोग की भावना को मजबूत करने का माध्यम भी हैं।




