दादरी में कांग्रेस का निकला‘वोट बचाओ–लोकतंत्र बचाओ’ आक्रोश मार्च
दादरी में कांग्रेस का निकला‘वोट बचाओ–लोकतंत्र बचाओ’ आक्रोश मार्च

दादरी। जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर की ओर से मंगलवार को दादरी में ‘वोट बचाओ–लोकतंत्र बचाओ’ आक्रोश मार्च निकाला गया। रेलवे रोड से शुरू हुआ मार्च जीटी रोड होते हुए नगर पालिका दादरी पहुंचा। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर–गद्दी छोड़’, ‘वोट चोरी नहीं चलेगी’, ‘लोकतंत्र की हत्या बंद करो’ और ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ जैसे नारे लगाए।मार्च में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ महिलाएं, छात्र तथा आम नागरिक भी शामिल हुए। कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और कांग्रेस के झंडे लेकर चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और मताधिकार की रक्षा की मांग करते नजर आए।जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि लोकतंत्र में नागरिक की सबसे बड़ी ताकत उसका वोट है। यदि वोट की निष्पक्षता और पवित्रता पर सवाल उठते हैं तो यह पूरे देश के नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के वोट और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई।महानगर अध्यक्ष मुकेश यादव ने कहा कि ‘वोट बचाओ–लोकतंत्र बचाओ’ अभियान केवल एक दिन का प्रदर्शन नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापक जनसंघर्ष है। मार्च के दौरान बाजार में स्थानीय दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी वालों और राहगीरों ने भी प्रदर्शन को देखा तथा कई लोग मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आए।मार्च नगर पालिका दादरी पहुंचकर नारेबाजी और लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के संकल्प के साथ संपन्न हुआ। प्रदर्शन में कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




