उत्तर प्रदेश शतरंज खेल संघ के चुनाव संपन्न, अतुल निगम बने संयुक्त सचिव; कानपुर में होगी ग्रैंड मास्टर चैंपियनशिप
उत्तर प्रदेश शतरंज खेल संघ के चुनाव संपन्न, अतुल निगम बने संयुक्त सचिव; कानपुर में होगी ग्रैंड मास्टर चैंपियनशिप
ग्रेटर नोएडा के अतुल निगम को मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी, ‘चेस इन स्कूल’ कार्यक्रम की भी सौंपी गई कमान

ग्रेटर नोएडा/कानपुर। उत्तर प्रदेश शतरंज खेल संघ की वार्षिक आम सभा एवं वार्षिक चुनाव 15 नवंबर को कानपुर के केशवपुरम् स्थित केडीएमए स्कूल में संपन्न हुए। चुनाव में प्रदेश के 51 जिलों से पहुंचे 97 सदस्यों ने भाग लिया। आम सभा में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें अनूप जैन को अध्यक्ष, दीपक बजाज को उपाध्यक्ष, ए.के. रायजादा को सचिव और गौतम बुद्ध नगर के अतुल निगम को संयुक्त सचिव चुना गया।अतुल निगम को प्रदेश कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से ग्रेटर नोएडा और गौतम बुद्ध नगर के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। चुनावी बैठक में फिडे (FIDE) जोन-3 के अध्यक्ष संजय कपूर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
जून-जुलाई में कानपुर में होगी ग्रैंड मास्टर चैंपियनशिप
आम सभा में प्रदेश में शतरंज को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इसके तहत आगामी जून-जुलाई में कानपुर में प्रतिष्ठित ग्रैंड मास्टर चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी। वहीं, स्कूली विद्यार्थियों में शतरंज के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से संचालित होने वाले ‘चेस इन स्कूल’ कार्यक्रम का अध्यक्ष अतुल निगम को नियुक्त किया गया है।इसके अलावा उत्तर प्रदेश को पांच जोन में विभाजित कर जोनल चैंपियनशिप आयोजित कराने का निर्णय लिया गया। इन प्रतियोगिताओं के आयोजन और क्रियान्वयन की जिम्मेदारी भी संयुक्त सचिव अतुल निगम को सौंपी गई है।
उत्तर प्रदेश को शतरंज में नंबर वन बनाने का लक्ष्य
नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनूप जैन ने कहा कि प्रदेश में शतरंज के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य किया जाएगा। वहीं, सचिव ए.के. रायजादा ने सभी जिलों के सदस्यों से मिलकर काम करने का आह्वान करते हुए उत्तर प्रदेश को देश में शतरंज के क्षेत्र में नंबर वन राज्य बनाने का संकल्प व्यक्त किया।नई कार्यकारिणी के गठन और आगामी प्रतियोगिताओं की घोषणा से प्रदेश के शतरंज खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है। खास तौर पर पांच जोन में प्रतियोगिताओं के आयोजन से जिला स्तर की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच मिलेगा।





