सेक्टर पी-3 में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया छठ महापर्व, सूर्यदेव को अर्घ्य देकर की सुख-समृद्धि की कामना
सेक्टर पी-3 में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया छठ महापर्व, सूर्यदेव को अर्घ्य देकर की सुख-समृद्धि की कामना
आरडब्ल्यूए और छठ पूजा समिति के सहयोग से हुआ भव्य आयोजन, पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का किया गया स्वागत

ग्रेटर नोएडा। सेक्टर पी-3 में छठ महापर्व श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सेक्टरवासियों और श्रद्धालुओं ने छठ घाट पर पहुंचकर भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया और छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली, उत्तम स्वास्थ्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की।कार्यक्रम के दौरान आरडब्ल्यूए की टीम और छठ पूजा समिति के सदस्यों ने व्यवस्थाओं को सुचारु बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। श्रद्धालुओं के स्वागत एवं सम्मान में पुष्पवर्षा की गई। पूरे आयोजन में आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की झलक देखने को मिली। सेक्टरवासियों ने मिल-जुलकर पर्व मनाते हुए सामाजिक एकता का संदेश दिया।इस मौके पर आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अमित भाटी ने कहा कि छठ महापर्व केवल सूर्य उपासना और आस्था का पर्व नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, स्वच्छता, समर्पण, प्रकृति के प्रति सम्मान और सामाजिक एकता का भी संदेश देता है। सेक्टर पी-3 की विशेषता है कि यहां सभी धर्मों, समुदायों और वर्गों के लोग एक परिवार की तरह मिलकर सभी त्योहार मनाते हैं।उन्होंने छठ पूजा समिति के सदस्यों, माताओं-बहनों, बुजुर्गों, युवाओं और समस्त सेक्टरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से आयोजन भव्य एवं सफल रहा।





