दीपावली पर रोशनी से जगमगाएगा ग्रेटर नोएडा, प्रमुख चौराहों और गोलचक्करों का होगा आकर्षक सौंदर्यीकरण
दीपावली पर रोशनी से जगमगाएगा ग्रेटर नोएडा, प्रमुख चौराहों और गोलचक्करों का होगा आकर्षक सौंदर्यीकरण
14 नवंबर तक दुरुस्त होंगी बंद स्ट्रीट लाइटें और हाईमास्ट लाइटें, प्रमुख मार्गों पर लगेंगी सजावटी लाइटें

ग्रेटर नोएडा। दीपावली और छठ पर्व के अवसर पर ग्रेटर नोएडा को रोशनी से जगमगाने और शहर की खूबसूरती बढ़ाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने विशेष अभियान शुरू किया है। प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों, गोलचक्करों और रोटरी को सजावटी लाइटों से रोशन किया जा रहा है। इसके साथ ही बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों और हाईमास्ट लाइटों को भी दुरुस्त कराया जा रहा है।
प्राधिकरण के विद्युत एवं यांत्रिक विभाग की ओर से सूरजपुर घंटाघर चौक से मोजरबियर रोटरी तक नई सजावटी लाइटें लगाई गई हैं। वहीं, सूरजपुर घंटाघर चौक से परी चौक तक एक्सपो रोड की सभी सात रोटरी को झालर लाइटों से सजाया गया है। इसके अलावा 105 मीटर चौड़ी सड़क और जेपी स्टेडियम रोड की सजावटी लाइटें भी चालू कर दी गई हैं। तिलपता चौक से सिरसा तक 130 मीटर चौड़ी सड़क की आठ रोटरी भी रोशनी से जगमगा रही हैं।प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बताया कि 2 से 14 नवंबर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत शहर के सभी प्रमुख मार्गों और रोटरी पर बंद पड़ी लाइटों को ठीक कराया जा रहा है। संबंधित कर्मचारियों को प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी स्थान पर अंधेरा न रहे और खराब लाइटों को तत्काल ठीक कराया जा सके।
उन्होंने बताया कि शहर के प्रमुख चौराहों और गोलचक्करों पर आधुनिक डिजाइन के डेकोरेटिव पोल लगाने की योजना भी तैयार की जा रही है। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थलों, पार्किंग और प्रमुख मार्गों पर आकर्षक विद्युत सजावट की जाएगी।
प्राधिकरण का उद्देश्य त्योहारों के दौरान शहर को आकर्षक स्वरूप देने के साथ बेहतर प्रकाश व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करना है।




