GautambudhnagarGreater noida news

दिवाली पर निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए एनपीसीएल ने कसी कमर, 36 टीमें तैनात

दिवाली पर निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए एनपीसीएल ने कसी कमर, 36 टीमें तैनात

8 इंजीनियरों समेत बाइक गैंग भी संभालेगी मोर्चा, 24 घंटे रहेंगी मुस्तैद; आपात स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

ग्रेटर नोएडा, 04 नवंबर। धनतेरस और दिवाली के त्योहार को देखते हुए नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (एनपीसीएल) ने उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए विशेष तैयारियां की हैं। इसके तहत एनपीसीएल ने अपने लाइसेंस क्षेत्र ग्रेटर नोएडा के विभिन्न इलाकों में 36 विशेष टीमों का गठन कर तैनाती की है। इन टीमों में 8 इंजीनियरों के साथ बाइक गैंग भी शामिल हैं, जो 24 घंटे मुस्तैद रहकर उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान करेंगे।

त्योहार के दौरान बिजली आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिए एनपीसीएल ने अलग-अलग क्षेत्रों में टीमों की तैनाती की है। इनमें शहरी क्षेत्रों में 12, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 6, सूरजपुर डिवीजन में 8 और कासना डिवीजन में 5 टीमें शामिल हैं। इसके अलावा विद्युत सुरक्षा से जुड़ी घटनाओं पर नजर रखने और आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए 5 विशेष टीमों का भी गठन किया गया है। इन विशेष टीमों में 2 इंजीनियर शामिल रहेंगे।

एनपीसीएल ने त्योहार के मद्देनजर उपभोक्ताओं के लिए विद्युत सुरक्षा एडवाइजरी भी जारी की है। कंपनी ने लोगों से अपील की है कि पटाखे जलाते समय बिजली के उपकरणों, ट्रांसफॉर्मर, फीडर पिलर, ओवरहेड लाइनों और केबलों से उचित दूरी बनाए रखें। साथ ही बिजली के तारों और खंभों के आसपास पटाखे या कूड़ा न जलाएं।

विद्युत सुरक्षा के लिए एनपीसीएल की अपील

– बिजली के तारों और खंभों के पास पटाखे न जलाएं।

– सजावटी झालर लगाते समय बिजली की लाइनों से उचित दूरी बनाए रखें।

– लाइट लगाने से पहले बिजली का प्लग और कनेक्शन बंद कर दें।

– गीले हाथों से बिजली के उपकरणों और लाइटों को न छुएं।

– खराब या क्षतिग्रस्त लाइटों का इस्तेमाल न करें।

– दीये और मोमबत्तियां पर्दों, बिजली के तारों और ज्वलनशील वस्तुओं से दूर रखें।

– बिजली के उपकरणों पर क्षमता से अधिक लोड न डालें।

– बच्चों को बड़ों की निगरानी में ही पटाखे जलाने दें और खुले स्थान का उपयोग करें।

– इस्तेमाल के बाद सजावटी लाइटों और बिजली के उपकरणों को बंद कर उनका प्लग निकाल दें।

– हमेशा ISI मार्क या प्रमाणित इलेक्ट्रिकल सामान का ही इस्तेमाल करें।

– सॉकेट और एक्सटेंशन बोर्ड को ओवरलोड न करें।

सर्किट और विद्युत सुरक्षा का रखें ध्यान

एनपीसीएल ने उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि एक साथ अधिक वॉट वाले उपकरणों का इस्तेमाल न करें। घरों में एमसीबी और आरसीसीबी की स्थिति ठीक रखें तथा सजावटी लाइटों को सर्किट की क्षमता के अनुसार ही जोड़ें। घर में उचित अर्थिंग सुनिश्चित करें और किसी भी विद्युत खराबी को स्वयं ठीक करने के बजाय कुशल एवं प्रमाणित इलेक्ट्रिशियन की मदद लें।

आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क

एनपीसीएल ने बिजली से जुड़ी किसी भी दुर्घटना, आपात स्थिति या शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। उपभोक्ता इन नंबरों पर तुरंत संपर्क कर सकते हैं।

हेल्पलाइन नंबर: 0120-6226666, 9718722222

कंपनी ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं बिजली का तार टूटकर गिरा हो या कोई विद्युत पोल क्षतिग्रस्त दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत एनपीसीएल को दें। एनपीसीएल का कहना है कि दिवाली रोशनी और खुशियों का त्योहार है। कंपनी का प्रयास है कि सभी उपभोक्ता सुरक्षित माहौल में त्योहार मनाएं और बिजली आपूर्ति भी निर्बाध बनी रहे।

Related Articles

Back to top button