ऐच्छर मार्केट के संस्थापक चौधरी हंसराज भाटी की 5वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा एवं सम्मान समारोह आयोजित
ऐच्छर मार्केट के संस्थापक चौधरी हंसराज भाटी की 5वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा एवं सम्मान समारोह आयोजित
31 होनहार बेटियों को साइकिल और प्रोत्साहन राशि देकर किया सम्मानित, हजारों लोगों ने दी श्रद्धांजलि

ग्रेटर नोएडा। ऐच्छर मार्केट के संस्थापक एवं समाजसेवी स्वर्गीय चौधरी हंसराज भाटी की 5वीं पुण्यतिथि के अवसर पर भव्य श्रद्धांजलि सभा एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के हजारों लोगों ने पहुंचकर चौधरी हंसराज भाटी को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके सामाजिक योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव जयप्रकाश जेपी एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री वेदराम भाटी उपस्थित रहे। इस अवसर पर अतिथियों और भाटी परिवार की ओर से बेटियों की शिक्षा एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 31 होनहार बेटियों को साइकिल और गुप्त प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि जयप्रकाश जेपी ने कहा कि चौधरी हंसराज भाटी का जीवन समाज के उत्थान और सर्वसमाज के कल्याण के लिए समर्पित रहा। उनकी स्मृति में बेटियों को शिक्षा के लिए संसाधन और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना बेहद सराहनीय एवं प्रेरणादायक पहल है। वहीं पूर्व कैबिनेट मंत्री वेदराम भाटी ने भी चौधरी साहब के सामाजिक योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
चौधरी हंसराज भाटी के छोटे बेटे सहदेव चोटीवाला ने बताया कि परिवार की ओर से प्रत्येक वर्ष उनकी पुण्यतिथि पर जरूरतमंद लोगों की मदद करने, उन्हें आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने और क्षेत्र की प्रतिभाओं को सम्मानित करने का प्रयास किया जाता है। कार्यक्रम की शुरुआत हवन के साथ होती है, जिसके बाद श्रद्धांजलि सभा एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाता है।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन में हर वर्ष हजारों लोग शामिल होते हैं। इसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, क्षेत्रीय संगठन और किसान संगठनों के लोग बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। परिवार का उद्देश्य चौधरी हंसराज भाटी के समाजसेवा के विचारों को आगे बढ़ाना और जरूरतमंदों की मदद के साथ प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है।




