विधायक तेजपाल नागर के प्रयासों से सीएम योगी से मिला IBA प्रतिनिधिमंडल, औद्योगिक विकास के 10 सुझावों का सौंपा ज्ञापन
विधायक तेजपाल नागर के प्रयासों से सीएम योगी से मिला IBA प्रतिनिधिमंडल, औद्योगिक विकास के 10 सुझावों का सौंपा ज्ञापन

ग्रेटर नोएडा। दादरी विधायक तेजपाल नागर के प्रयासों से इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतम बुद्ध नगर के प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ स्थित लोक भवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश के औद्योगिक एवं एमएसएमई क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए 10 महत्वपूर्ण सुझावों का ज्ञापन सौंपा गया।
बैठक में मुख्यमंत्री ने उद्यमियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था, निवेश के अनुकूल माहौल और उद्योग हितैषी नीतियों के लिए मुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना की।
IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने औद्योगिक भूखंडों की ई-बिडिंग व्यवस्था में सुधार, भवन निर्माण की समय-सीमा और विलंब शुल्क से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने छोटे एवं मध्यम उद्यमियों को व्यावहारिक राहत देने की मांग की।
ज्ञापन में औद्योगिक क्षेत्रों में आधुनिक फायर स्टेशन, एक्सपोर्ट प्रमोशन सेंटर, सामुदायिक केंद्र, वन टाइम सेटलमेंट (OTS) योजना, प्रभावी सिंगल विंडो प्रणाली, विश्वस्तरीय औद्योगिक आधारभूत ढांचे, मुख्यमंत्री औद्योगिक संवाद समिति के गठन और मॉडल इंडस्ट्रियल एरिया विकसित करने सहित 10 सुझाव शामिल किए गए।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को भगवान श्री बालाजी की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया। बैठक में वरिष्ठ उद्यमी डॉ. चंचल वार्ष्णेय सहित IBA के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने बैठक को सकारात्मक बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने विधायक तेजपाल नागर का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने उद्यमियों से किया अपना वादा निभाते हुए यह महत्वपूर्ण मुलाकात सुनिश्चित कराई।




