ग्रेटर नोएडा में ‘विकसित भारत युवा संवाद’ का आयोजन, 200 युवाओं ने जाना मतदान का महत्व
ग्रेटर नोएडा में ‘विकसित भारत युवा संवाद’ का आयोजन, 200 युवाओं ने जाना मतदान का महत्व
महामेधा नागर ने युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का किया आह्वान, पांच होनहार खिलाड़ियों को किया सम्मानित

ग्रेटर नोएडा। जिम्स (JIMS), ग्रेटर नोएडा में माय भारत, गौतमबुद्धनगर के सहयोग से ‘विकसित भारत युवा संवाद–नो योर वोट ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 200 युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान युवाओं को मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक अधिकारों और जिम्मेदार नागरिक बनने के प्रति जागरूक किया गया।कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा प्रदेश मंत्री महामेधा नागर तथा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष राज नागर उपस्थित रहे। माय भारत के उपनिदेशक शिवेंद्र सिंह ने युवाओं को संगठन की विभिन्न गतिविधियों और योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 और विकसित भारत युवा संसद के बारे में बताते हुए कहा कि देश के विकास और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
युवा आइकॉन प्रियांशु चौधरी ने ‘नो योर वोट ’ विषय पर प्रस्तुतीकरण देते हुए मतदान के महत्व को समझाया। इसके बाद महामेधा नागर और प्रियांशु चौधरी ने युवाओं के साथ संवाद किया। इस दौरान मतदाता जागरूकता, लोकतांत्रिक प्रक्रिया और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान से जुड़े विषयों पर जानकारी दी गई। महामेधा नागर ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक का जागरूक और जिम्मेदार होना जरूरी है। युवाओं को अपने मताधिकार एवं कर्तव्यों की जानकारी रखते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।कार्यक्रम के दौरान खेल जगत में जिला एवं राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाले पांच खिलाड़ियों प्रिया सिंह (बॉक्सिंग), आदिल हुसैन (कबड्डी), लक्ष्मी सिंह (नेटबॉल), सचिन कुमार (कुश्ती) और जीशान गिल (जूडो) को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिम्स के निदेशक प्रो. डॉ. सचिन यादव, कुलसचिव डॉ. आर.एन. राजोटिया, एचओडी एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अंबिका राठी, डॉ. सर्वेंद्र तिवारी, डॉ. योगेश कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन लोकतांत्रिक शपथ और राष्ट्रगान के साथ हुआ।




