चार मूर्ति चौक अंडरपास का ट्रायल शुरू, 5 घंटे में गुजरे 14 हजार वाहन; ग्रेनो वेस्ट को मिली जाम से बड़ी राहत
चार मूर्ति चौक अंडरपास का ट्रायल शुरू, 5 घंटे में गुजरे 14 हजार वाहन; ग्रेनो वेस्ट को मिली जाम से बड़ी राहत

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के चार मूर्ति चौक पर नवनिर्मित अंडरपास का ट्रायल गुरुवार, 5 नवंबर की सुबह 6 बजे से शुरू हो गया। यह ट्रायल 8 नवंबर की रात 10 बजे तक चलेगा। ट्रायल सफल रहने पर अंडरपास को जल्द ही वाहनों की आवाजाही के लिए स्थायी रूप से खोल दिया जाएगा। ट्रायल के पहले ही दिन सुबह 6 से 11 बजे तक करीब पांच घंटे में लगभग 14 हजार वाहन अंडरपास से गुजरे।
अंडरपास शुरू होने से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों निवासियों और रोजाना चार मूर्ति चौक से गुजरने वाले वाहन चालकों को बड़ी राहत मिली है। लंबे समय से इस चौराहे पर लगने वाले जाम के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। हालांकि, ट्रायल शुरू होते ही यातायात की तस्वीर बदली नजर आई और वाहन बिना रुके आसानी से गुजरते दिखाई दिए।
इस अंडरपास के शुरू होने से चार मूर्ति चौक पर यातायात का दबाव कम होगा। जाम में वाहनों के फंसने से होने वाले ईंधन की बर्बादी और प्रदूषण में भी कमी आएगी। इसके साथ ही लोगों के समय और पैसे की बचत होगी।
अंडरपास का सबसे बड़ा फायदा 130 मीटर और 60 मीटर रोड से गौड़ सिटी व तिगड़ी गोलचक्कर होते हुए गाजियाबाद की ओर जाने वाले वाहन चालकों को मिलेगा। पहले इन वाहनों को हिंडन पार करके यू-टर्न लेकर वापस आना पड़ता था, लेकिन अब इस रास्ते से करीब डेढ़ से दो किलोमीटर की दूरी कम हो जाएगी। अनुमान के मुताबिक चार मूर्ति चौक से प्रतिदिन करीब 50 हजार वाहन गुजरते हैं। प्राधिकरण के अनुसार, वाहनों के ईंधन की बचत को देखते हुए सालाना करीब 35 करोड़ रुपये की बचत होने का अनुमान है।
इस दौरान ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने उप महाप्रबंधक विजय रावल, वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर और अन्य अधिकारियों के साथ अंडरपास एवं आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि ट्रायल के दौरान यदि कहीं कोई समस्या सामने आती है तो उसे तत्काल दूर कराया जाएगा।प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने अंडरपास निर्माण के दौरान सहयोग देने के लिए ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासियों का आभार जताया। उन्होंने निर्माण कार्य में लगी प्राधिकरण की टीम की भी सराहना की। सीईओ ने आश्वस्त किया कि ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में जहां भी यातायात संबंधी समस्याएं हैं, उनके समाधान के लिए लगातार कार्य कराए जाएंगे।
15 फरवरी 2025 को शुरू हुआ था निर्माण
चार मूर्ति चौक अंडरपास का निर्माण 15 फरवरी 2025 को शुरू हुआ था और 30 अक्टूबर 2026 को पूरा कर लिया गया। करीब 99 करोड़ रुपये की लागत से बना यह अंडरपास निर्धारित समय सीमा दिसंबर 2026 से पहले ही तैयार हो गया है। लगभग 720 मीटर लंबा यह अंडरपास 60 मीटर रोड के समानांतर बनाया गया है।




