GautambudhnagarGreater noida news

स्विस परिसंघ के राष्ट्रपति गाइ पारमेलिन ने किया नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निरीक्षण

स्विस परिसंघ के राष्ट्रपति गाइ पारमेलिन ने किया नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निरीक्षण

65 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ पहुंचे जेवर, आधुनिक यात्री सुविधाओं और एटीसी टॉवर का लिया जायजा

ग्रेटर नोएडा। स्विस परिसंघ के राष्ट्रपति गाइ पारमेलिन मंगलवार को करीब 65 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त एवं नागरिक उड्डयन विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार तथा इन्वेस्ट यूपी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विजय किरण आनंद ने उनका स्वागत किया।

इस दौरान एयरपोर्ट के बोर्ड रूम में राष्ट्रपति और प्रतिनिधिमंडल को एयरपोर्ट से संबंधित प्रस्तुतीकरण दिया गया। इसके बाद गाइ पारमेलिन, उनकी पत्नी और चयनित अधिकारियों ने एयरसाइड तथा एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) टॉवर का निरीक्षण किया। प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों ने टर्मिनल, सुरक्षा क्षेत्र, बोर्डिंग गेट्स, एप्रन और बैगेज रिक्लेम सहित विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया।

एयरपोर्ट परिसर में भारतीय संगीत की धुनों के बीच प्रतिनिधिमंडल का समूह छायाचित्र भी लिया गया। करीब दोपहर 2 बजे प्रतिनिधिमंडल एयरपोर्ट से रवाना हुआ।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का विकास यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है, जो स्विट्जरलैंड की ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है। राष्ट्रपति के इस दौरे को भारत और स्विट्जरलैंड के बीच आर्थिक एवं तकनीकी सहयोग की संभावनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इस अवसर पर यमुना विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, जिलाधिकारी मेधा रूपम, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी सहित एयरपोर्ट, प्रशासन, प्राधिकरण और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button