सशक्त महिला उद्यमी संगठन का शुभारंभ, महिला उद्यमिता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प
सशक्त महिला उद्यमी संगठन का शुभारंभ, महिला उद्यमिता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प
डॉ. खुशबू सिंह के नेतृत्व में गौतम बुद्ध नगर से पूरे उत्तर प्रदेश में महिला उद्यमियों को सशक्त बनाने की पहल, पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह और विमला बाथम रहीं मौजूद

ग्रेटर नोएडा। महिला सशक्तिकरण और उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में सशक्त महिला उद्यमी संगठन का शुभारंभ किया गया। संस्थापक अध्यक्ष डॉ. खुशबू सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में जिले की सैकड़ों महिला उद्यमियों, उद्योगपतियों और विभिन्न पेशेवर क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं ने भाग लिया। संगठन का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें उद्योग, व्यापार तथा रोजगार के नए अवसरों से जोड़ना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गौतम बुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह और विशिष्ट अतिथि एवं संगठन की संरक्षक, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष विमला बाथम उपस्थित रहीं। इसके अलावा ईपीएफओ, श्रम विभाग, सेवायोजन विभाग, एमएसएमई मंत्रालय, नोएडा प्राधिकरण, पुलिस प्रशासन और जिला उद्योग केंद्र सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी सहभागिता की।
महिलाओं के लिए सरकारी विभागों से समन्वय का बनेगा मंच
संगठन की संस्थापक अध्यक्ष डॉ. खुशबू सिंह ने कहा कि यह मंच केवल एक संगठन नहीं, बल्कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प है। संगठन का विस्तार गौतम बुद्ध नगर से पूरे उत्तर प्रदेश में करने की योजना है। इसके माध्यम से महिला उद्यमियों को सरकारी विभागों से जुड़ी समस्याओं के समाधान और व्यवसाय को आगे बढ़ाने में सहयोग दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि संगठन ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न सरकारी विभागों और प्राधिकरणों के साथ समन्वय स्थापित करेगा। साथ ही स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के लिए निर्यातक विंग का गठन किया जाएगा। कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और उद्योगों के बीच संपर्क मजबूत कर छात्राओं को कौशल प्रशिक्षण, इंटर्नशिप और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जाएगा।
डॉ. खुशबू सिंह ने कहा कि संगठन ग्रामीण महिलाओं को भी कौशल विकास, बाजार और वित्तीय सहायता से जोड़कर उन्हें मुख्यधारा की अर्थव्यवस्था में भागीदार बनाने का प्रयास करेगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य में महिला उद्यमिता के माध्यम से योगदान देने की प्रतिबद्धता भी जताई।
पुलिस प्रशासन महिला संगठनों के साथ खड़ा रहेगा: लक्ष्मी सिंह
मुख्य अतिथि पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने संगठन की शुरुआत पर डॉ. खुशबू सिंह को बधाई देते हुए कहा कि महिलाओं को उद्योग और व्यवसाय के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए एक संगठित मंच की पहल सराहनीय है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पुलिस प्रशासन महिला संगठनों के साथ खड़ा रहेगा और महिला सशक्तिकरण से जुड़े प्रयासों को सहयोग देगा।
वहीं, संगठन की संरक्षक विमला बाथम ने डॉ. खुशबू सिंह के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं को एकजुट कर उनके नेतृत्व और आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए मंच तैयार करना महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने संगठन को आगे बढ़ाने में मार्गदर्शन और सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
महिलाओं को एकजुट कर आगे बढ़ाने पर जोर
कार्यक्रम के अंत में डॉ. खुशबू सिंह ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाली अपनी टीम का आभार व्यक्त किया। संगठन में रश्मि निगम को महासचिव, आस्था शर्मा को कोषाध्यक्ष, अर्चना आनंद, पूनम माहेश्वरी और रचना जैन को उपाध्यक्ष, दिशा कपूर को संयुक्त सचिव तथा सोनाली चौधरी को कार्यकारिणी सदस्य की जिम्मेदारी दी गई।
संगठन का लक्ष्य महिला उद्यमियों के साथ-साथ अधिवक्ताओं, चार्टर्ड अकाउंटेंट, शिक्षा, स्वास्थ्य और सेवा क्षेत्र से जुड़ी पेशेवर महिलाओं को भी एक मंच पर लाकर उन्हें आत्मनिर्भरता और विकास के नए अवसरों से जोड़ना है।




