GautambudhnagarGreater noida news

फोर्टिस अस्पताल में वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता सत्र आयोजित, 120 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा

फोर्टिस अस्पताल में वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता सत्र आयोजित, 120 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा

बढ़ती उम्र में होने वाली बीमारियों की पहचान, बचाव और समय पर उपचार के प्रति किया जागरूक

ग्रेटर नोएडा। फोर्टिस अस्पताल, ग्रेटर नोएडा की ओर से वरिष्ठ नागरिक समाज के सहयोग से ‘गोल्डन ईयर्स, हेल्दी ईयर्स’ स्वास्थ्य जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रेटर नोएडा के 120 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान बढ़ती उम्र में होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, उनके शुरुआती लक्षणों की पहचान और बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

सत्र में डॉक्टरों ने वरिष्ठ नागरिकों को उच्च रक्तचाप, मधुमेह, उच्च कोलेस्ट्रॉल, हृदय संबंधी समस्याओं, जोड़ों की परेशानी, स्लिप डिस्क, साइटिका और स्ट्रोक जैसी बीमारियों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही समय पर जांच कराने, शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक समाज, ग्रेटर नोएडा के अध्यक्ष जीके राघव, उपाध्यक्ष उर्वशी सिंह, महासचिव एमपी सिंह और कोषाध्यक्ष डीके सिंह सहित फोर्टिस अस्पताल की फैसिलिटी डायरेक्टर बिंदु शर्मा मौजूद रहीं।

वरिष्ठ नागरिक समाज के अध्यक्ष जीके राघव ने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी सही और व्यावहारिक जानकारी मिलने से वरिष्ठ नागरिक अपनी सेहत को लेकर बेहतर निर्णय ले सकते हैं और आत्मनिर्भर बने रह सकते हैं। इस तरह के कार्यक्रम उन्हें अपनी स्वास्थ्य समस्याओं को समझने और समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए प्रेरित करते हैं।वहीं, फोर्टिस अस्पताल की फैसिलिटी डायरेक्टर बिंदु शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को बीमारियों से बचाव, समय पर पहचान और उचित उपचार के प्रति जागरूक करना है। वरिष्ठ नागरिक समाज के साथ आयोजित इस पहल के माध्यम से उन्हें अपनी सेहत के प्रति सजग रहने और जीवनशैली में जरूरी बदलाव अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के बीच स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना, बीमारियों की समय पर पहचान को प्रोत्साहित करना और उन्हें स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन जीने के लिए प्रेरित करना रहा।

Related Articles

Back to top button