आईटीएस कॉलेज में ‘इंडियन ग्लैम ’26’ का भव्य आयोजन, जाह्नवी बनीं मिस फ्रेशर और राहुल बने मिस्टर फ्रेशर
आईटीएस कॉलेज में ‘इंडियन ग्लैम ’26’ का भव्य आयोजन, जाह्नवी बनीं मिस फ्रेशर और राहुल बने मिस्टर फ्रेशर

ग्रेटर नोएडा। आई टी एस कॉलेज ऑफ हेल्थ एंड वेलनेस साइंसेज में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत के लिए वार्षिक फ्रेशर्स डे समारोह ‘इंडियन ग्लैम ’26’ का भव्य आयोजन उत्साह और सांस्कृतिक उल्लास के साथ किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य एवं वेलनेस क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत करने वाले नए विद्यार्थियों का स्वागत करना तथा उन्हें कॉलेज के शैक्षणिक और सांस्कृतिक वातावरण से परिचित कराना था।
समारोह का मुख्य आकर्षण मिस एवं मिस्टर फ्रेशर प्रतियोगिता रही। विभिन्न चरणों में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और मंच पर व्यक्तित्व का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के उपरांत जाह्नवी को मिस फ्रेशर और राहुल को मिस्टर फ्रेशर के खिताब से नवाजा गया।कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक संगीत, मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों और आकर्षक एथनिक फैशन शो ने समारोह में चार चांद लगा दिए। विद्यार्थियों ने अपनी कला, रचनात्मकता और भारतीय संस्कृति के प्रति उत्साह का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे परिसर में उत्सव और उमंग का माहौल देखने को मिला।इस अवसर पर कॉलेज प्रबंधन एवं संकाय सदस्यों ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को शैक्षणिक उत्कृष्टता हासिल करने, अपनी प्रतिभा को निखारने तथा व्यक्तिगत विकास के साथ-साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने के लिए प्रेरित किया।‘इंडियन ग्लैम ’26’ का आयोजन नए विद्यार्थियों के लिए आपसी परिचय, सांस्कृतिक सहभागिता और कॉलेज जीवन की सकारात्मक शुरुआत का यादगार अवसर बना।




