समावेशी शिक्षा की वैश्विक पहल में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगा जेपी पब्लिक स्कूल | नेशनल यूथ लीडरशिप समिट 2026 में ग्रेटर नोएडा के विद्यार्थियों की सहभागिता, दिव्यांग बच्चों को समान अवसर और युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने पर होगा मंथन
समावेशी शिक्षा की वैश्विक पहल में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगा जेपी पब्लिक स्कूल
नेशनल यूथ लीडरशिप समिट 2026 में ग्रेटर नोएडा के विद्यार्थियों की सहभागिता, दिव्यांग बच्चों को समान अवसर और युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने पर होगा मंथन

ग्रेटर नोएडा। समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने और दिव्यांग बच्चों के लिए समान अवसर सुनिश्चित करने की दिशा में जेपी पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा, एक महत्वपूर्ण पहल करने जा रहा है। विद्यालय 26 से 28 अक्टूबर तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाले नेशनल यूथ लीडरशिप समिट 2026 में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगा। स्पेशल ओलंपिक्स भारत की ओर से आयोजित इस समिट में युवा नेतृत्व, सहपाठी सहयोग और समावेशी शिक्षा को प्रभावी बनाने के तरीकों पर चर्चा होगी।
समिट में भारत सहित मलेशिया, फिलीपींस, भूटान और ऑस्ट्रेलिया की सहभागिता प्रस्तावित है। इसका उद्देश्य बौद्धिक दिव्यांगता वाले बच्चों को मुख्यधारा की शिक्षा, खेलकूद और सामाजिक गतिविधियों में समान भागीदारी के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी रणनीतियां विकसित करना है।
विद्यालय की वाइस प्रिंसिपल अनीता पिल्लई के मार्गदर्शन में कक्षा 11 के यूथ लीडर सात्विक चुघ और एथलीट लीडर जगन समिट में भाग लेंगे। उनकी सहभागिता के माध्यम से युवा नेतृत्व और समावेशी विद्यालयी वातावरण के महत्व को सामने लाया जाएगा।
जेपी पब्लिक स्कूल वर्ष 2014 से विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए कार्य कर रहा है। वहीं, वर्ष 2017 से विद्यालय समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। विद्यालय का उद्देश्य ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां सभी बच्चे एक साथ पढ़ने, खेलने और अपनी प्रतिभा निखारने के समान अवसर प्राप्त कर सकें।
इस दिशा में विद्यालय का यूनिफाइड बडी सिस्टम महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसके तहत सामान्य विद्यार्थी दिव्यांग सहपाठियों के साथ मित्रता विकसित करते हैं और उन्हें कक्षा, खेलकूद तथा अन्य गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करते हैं। इससे विद्यार्थियों में सहयोग, संवेदनशीलता, सहानुभूति और आपसी सम्मान की भावना मजबूत होती है।
समिट के दौरान प्रतिभागी युवा नेतृत्व, एथलीटों की भागीदारी और यूनिफाइड चैंपियन स्कूल्स की अवधारणा पर विचार-विमर्श करेंगे। साथ ही, अपने विद्यालयों और समुदायों में समावेशी शिक्षा को आगे बढ़ाने के लिए कार्ययोजनाएं तैयार करेंगे।
जेपी पब्लिक स्कूल की यह सहभागिता इस संदेश को मजबूत करती है कि समावेशी शिक्षा का उद्देश्य केवल दिव्यांग बच्चों को विद्यालय तक पहुंचाना नहीं, बल्कि उन्हें सीखने, मित्रता करने, नेतृत्व करने और प्रत्येक गतिविधि में समान रूप से भाग लेने का अवसर देना है।
विद्यालय की यह पहल समानता, सहभागिता और सम्मान पर आधारित शिक्षा व्यवस्था के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जहां हर बच्चे की क्षमता को पहचानने और उसे आगे बढ़ने का अवसर देने पर जोर दिया जाता है।इस अवसर पर स्कूल जेपी पब्लिक स्कूल प्रधानाचार्य मीता भंडुला जी ने अप डेलिगेशन को गुड विशेस दी और कहा कि यूपी डलेगेशन इंडिया को अंतरराष्ट्रीय मंच पर अच्छे से प्रस्तुत करेगा और जेपी इसमें हमेशा से आग्रह रहा है और हम समावेशी शिक्षा के लिए हम निरंतर कार्य करते रहे करेंगे




