गुजरात डायमंड्स ने रोमांचक मुकाबले में एमपी टाइगर्स को हराया; जेसल कारिया की विस्फोटक 72 रन की पारी से बने प्लेयर ऑफ द मैच
गुजरात डायमंड्स ने रोमांचक मुकाबले में एमपी टाइगर्स को हराया; जेसल कारिया की विस्फोटक 72 रन की पारी से बने प्लेयर ऑफ द मैच

ग्रेटर नोएडा।बिग क्रिकेट लीग (BCL) सीजन 2 के मैच नंबर 12 में गुजरात डायमंड्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एमपी टाइगर्स को चार विकेट से पराजित कर टूर्नामेंट में एक महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। शाहिद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में दर्शकों को अंत तक रोमांच देखने को मिला। इस अवसर पर शिवसेना एवं एनडीए गठबंधन के मुख्य राष्ट्रीय समन्वयक डॉ. अभिषेक वर्मा जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात की और लीग की सराहना करते हुए इसके विज़न की प्रशंसा की।टॉस जीतकर गुजरात डायमंड्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी एमपी टाइगर्स ने निर्धारित ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 192 रन बनाए और गुजरात के सामने 193 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा।एमपी टाइगर्स की ओर से जेसल कारिया ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 36 गेंदों में 72 रन बनाए। उनकी आक्रामक पारी ने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मुकाबले में उभरती प्रतिभाओं ने भी अपनी छाप छोड़ी। सरुल कंवर ने 17 गेंदों में तेजतर्रार 30 रन बनाकर ब्रॉन्ज बजर हासिल किया, जबकि आर्यन अंतरिक्ष ने 22 गेंदों में 32 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलते हुए दूसरा ब्रॉन्ज बजर अपने नाम किया। 193 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात डायमंड्स की टीम ने शानदार संयम और आक्रामकता का प्रदर्शन किया। टीम की ओर से अमेच्योर खिलाड़ी अलास खान ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में 68 रन बनाए और अपने प्रदर्शन के दम पर सिल्वर बजर हासिल किया। उनकी पारी ने गुजरात की जीत की नींव रखी।पूर्व भारतीय ऑलराउंडर पवन नेगी ने भी तेजतर्रार अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मात्र 18 गेंदों में 34 रन बनाए और टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।गुजरात डायमंड्स ने 19.2 ओवर में 6 विकेट खोकर 196 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया और बिग क्रिकेट लीग के इस रोमांचक मैच में चार विकेट से जीत दर्ज की।यह मुकाबला एक बार फिर बिग क्रिकेट लीग की उस अनूठी अवधारणा को दर्शाता है, जिसमें अमेच्योर खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय और अनुभवी क्रिकेटरों के साथ खेलने का अवसर मिलता है। अलास खान, सरुल कंवर और आर्यन अंतरिक्ष जैसे खिलाड़ियों का प्रदर्शन इस बात का प्रमाण है कि देश के कोने-कोने में क्रिकेट प्रतिभा मौजूद है और BCL उन्हें मंच प्रदान कर रहा है।इस अवसर पर डॉ. अभिषेक वर्मा ने कहा:”बिग क्रिकेट लीग एक ऐसा उत्कृष्ट मंच है जो अनुभवी खिलाड़ियों और उभरती प्रतिभाओं को एक साथ लाता है। यह केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं को अवसर प्रदान करने और छिपी हुई प्रतिभाओं को सामने लाने का सशक्त प्रयास है। आज अमेच्योर खिलाड़ियों ने जिस आत्मविश्वास और कौशल का प्रदर्शन किया है, वह भारतीय क्रिकेट के उज्ज्वल भविष्य की झलक दिखाता है।”बिग क्रिकेट लीग के मुख्य संरक्षक (Chief Patron) पुनीत सिंह ने कहा:
“बिग क्रिकेट लीग का उद्देश्य हमेशा से अमेच्योर और प्रोफेशनल क्रिकेट के बीच की दूरी को कम करना रहा है। बजर प्रोग्राम के माध्यम से हम प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने का काम कर रहे हैं। आज का मुकाबला इस विज़न का बेहतरीन उदाहरण है, जहां उभरते खिलाड़ियों ने बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा साबित की है।”
टूर्नामेंट के आगे बढ़ने के साथ दर्शकों को ऐसे ही रोमांचक मुकाबले, शानदार प्रदर्शन और प्रेरणादायक कहानियां देखने को मिलती रहेंगी, जहां क्रिकेट के दिग्गजों के साथ-साथ नए सितारे भी अपनी चमक बिखेरेंगे।




