जीबीयू–फिक्सी साझेदारी से छात्रों के लिए खुले रोजगार के नए द्वार । 18 छात्रों को मिला स्किल इंडिया प्रमाणित प्रशिक्षण, 14 का टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड में चयन
जीबीयू–फिक्सी साझेदारी से छात्रों के लिए खुले रोजगार के नए द्वार
18 छात्रों को मिला स्किल इंडिया प्रमाणित प्रशिक्षण, 14 का टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड में चयन

ग्रेटर नोएडा । गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू), ग्रेटर नोएडा ने छात्रों को उद्योग-उन्मुख कौशल और बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए फूड इंडस्ट्री काउंसिल फॉर स्किल्स एंड इनोवेशन के साथ ‘प्रशिक्षण एवं रोजगार परियोजना’ के अंतर्गत साझेदारी की है। इस पहल के तहत स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के बी.बी.ए. एवं बी.कॉम. के अंतिम सेमेस्टर के छात्रों को फूड इंडस्ट्री की आवश्यकताओं के अनुरूप विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया।परियोजना के अंतर्गत कुल 18 विद्यार्थियों को 200 घंटे का ‘सेल्स एसोसिएट – फूड इंडस्ट्री’ प्रशिक्षण स्किल इंडिया द्वारा प्रमाणित प्रशिक्षकों के माध्यम से प्रदान किया गया। प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात प्रतिभागियों का स्किल इंडिया द्वारा मूल्यांकन किया गया, जिसमें सभी 18 छात्र सफलतापूर्वक उत्तीर्ण हुए। उल्लेखनीय है कि इनमें से 14 विद्यार्थियों का चयन टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड में रीजनल सेल्स ऑफिसर के पद पर ₹5 लाख वार्षिक पैकेज के साथ हुआ है, जबकि शेष छात्रों को आईटीसी लिमिटेड में रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे।
इस अवसर पर आयोजित प्रमाण-पत्र वितरण समारोह में मुख्य अतिथि डीन अकादमिक प्रो. राजीव वार्ष्णेय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि फूड इंडस्ट्री काउंसिल फॉर स्किल्स एंड इनोवेशन के साथ यह साझेदारी विश्वविद्यालय के बी.बी.ए. एवं बी.कॉम. के विद्यार्थियों के लिए रोजगार के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने कहा कि ‘ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट प्रोजेक्ट’ के माध्यम से अंतिम सेमेस्टर के छात्रों को खाद्य उद्योग की व्यवहारिक समझ, विपणन कौशल और व्यावसायिक दक्षताओं से सुसज्जित किया गया है। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल-आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के उद्योग-उन्मुख प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों की कॉर्पोरेट क्षमता को सुदृढ़ करेंगे तथा उन्हें सीधे प्रतिष्ठित कंपनियों में बेहतर करियर के अवसर उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने आगे कहा कि विश्वविद्यालय ऐसे कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए आवश्यक अधोसंरचना, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण वातावरण तथा मजबूत शैक्षणिक-औद्योगिक समन्वय उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।कार्यक्रम में उपस्थित फिक्सी की सीनियर मैनेजर पुष्पिता राणा ने कहा कि यह प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट परियोजना विशेष रूप से बी.बी.ए. एवं बी.कॉम. के अंतिम सेमेस्टर के उन विद्यार्थियों के लिए तैयार की गई है, जो फूड इंडस्ट्री में सेल्स एवं मार्केटिंग के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि यह पहल उद्योगों को उनकी व्यावसायिक आवश्यकताओं के अनुरूप योग्य एवं प्रशिक्षित उम्मीदवारों की पहचान करने, उनका मूल्यांकन करने तथा उन्हें रोजगार प्रदान करने में भी सहायता करेगी।




