श्री द्रोणाचार्य पीजी कॉलेज में विश्व साक्षरता दिवस पर जागरूकता रैली
द्रोणाचार्य पीजी कॉलेज में विश्व साक्षरता दिवस पर जागरूकता रैली

दनकौर। द्रोणाचार्य पीजी कॉलेज, दनकौर में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के तत्वावधान में विश्व साक्षरता दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को साक्षरता के महत्व के प्रति जागरूक करना और शिक्षा के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विश्व साक्षरता दिवस की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, उद्देश्य एवं वर्तमान समय में इसकी उपयोगिता की जानकारी दी गई। NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रशांत कनौजिया ने राष्ट्रकवि हरिवंश राय बच्चन की प्रेरणादायक कविता का भावपूर्ण वाचन किया। उन्होंने कहा कि साहित्य और शिक्षा व्यक्ति में सामाजिक चेतना एवं उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गिरीश कुमार वत्स ने कहा कि साक्षरता सामाजिक एवं आर्थिक प्रगति की आधारशिला है। उपप्राचार्य डॉ. रश्मि गुप्ता ने विद्यार्थियों से स्वयं शिक्षित होने के साथ-साथ आसपास के लोगों को भी शिक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। सहायक कार्यक्रम अधिकारी अमित नागर ने साक्षरता अभियान में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
इसके बाद दोपहर 1 बजे महाविद्यालय परिसर से साक्षरता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में NSS स्वयंसेवकों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकगण ने सक्रिय सहभागिता की। विद्यार्थियों ने “शिक्षा है सबका अधिकार, साक्षर बने हर परिवार”, “पढ़ेगा भारत, बढ़ेगा भारत”, “ज्ञान की ज्योति जलाएँ, निरक्षरता दूर भगाएँ” और “साक्षर समाज, सशक्त समाज” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
रैली का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. गिरीश कुमार वत्स एवं महाविद्यालय के सचिव रजनीकांत अग्रवाल ने किया। सचिव ने कहा कि साक्षरता केवल पढ़ने-लिखने की क्षमता नहीं, बल्कि व्यक्ति को जागरूक, आत्मनिर्भर एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने का माध्यम है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक शिक्षा का प्रकाश पहुँचाना सभी का सामूहिक दायित्व है।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना, नागरिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को बढ़ावा दिया गया। कार्यक्रम NSS के उद्देश्यों के अनुरूप सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।




