औद्योगिक क्षेत्रों में जाम से राहत के लिए आईईए ने पुलिस उपायुक्त ट्रैफिक को सौंपे सुझाव
औद्योगिक क्षेत्रों में जाम से राहत के लिए आईईए ने पुलिस उपायुक्त ट्रैफिक को सौंपे सुझाव
130 मीटर रोड पर भारी वाहनों को नो-एंट्री से छूट देने, सूरजपुर में अस्थायी प्रतिबंध लगाने और गति सीमा 70 किमी प्रति घंटा करने की मांग

ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर के औद्योगिक क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या के समाधान के लिए इंडस्ट्रियल एंटरप्रेन्योर एसोसिएशन (आईईए ) के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस उपायुक्त ट्रैफिक से मुलाकात कर यातायात व्यवस्था में सुधार की मांग की। एसोसिएशन ने इस संबंध में पत्र देकर छह प्रमुख सुझाव प्रस्तुत किए, ताकि उद्यमियों, कर्मचारियों और मालवाहक वाहनों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सके।आईईए के अध्यक्ष संजीव शर्मा ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य, भारी वाहनों की आवाजाही और सड़कों पर अव्यवस्थित पार्किंग के कारण औद्योगिक क्षेत्रों में यातायात प्रभावित हो रहा है। इससे कर्मचारियों के समय पर पहुंचने, औद्योगिक उत्पादन और माल की समयबद्ध आपूर्ति पर भी असर पड़ रहा है।
एसोसिएशन ने सूरजपुर क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य पूरा होने तक दिन के समय भारी वाहनों के प्रवेश पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने और उन्हें एलजी चौक से 130 मीटर रोड अथवा अन्य उपयुक्त मार्गों से निकालने का सुझाव दिया। इसके अलावा कोर्ट के पीछे स्थित मार्ग पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक भारी वाहनों के आवागमन पर नो-एंट्री लागू करने तथा 130 मीटर रोड पर भारी वाहनों को नो-एंट्री से छूट देने की मांग की गई।आईईए ने 130 मीटर रोड की वर्तमान गति सीमा 50 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़ाकर 70 किलोमीटर प्रति घंटा करने का अनुरोध किया। एसोसिएशन का कहना है कि सड़क की स्थिति और यातायात सुरक्षा का आकलन करने के बाद उचित गति सीमा निर्धारित की जानी चाहिए। वहीं, तिलपता गोलचक्कर पर मकौड़ा की ओर से आने वाले मार्ग के मिलान बिंदु पर वैकल्पिक रास्ता विकसित करने अथवा बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन लागू करने का सुझाव भी दिया गया।इसके साथ ही इकोटेक-2 एक्सटेंशन में एलजी और स्लीपवेल कंपनियों से संबंधित वाहनों के सड़क पर खड़े रहने से उत्पन्न जाम की समस्या उठाई गई। एसोसिएशन ने यहां उचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने और सड़क पर अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों को व्यवस्थित कराने की मांग की।
औद्योगिक विकास के लिए सुचारु यातायात जरूरी आईआईए के कोषाध्यक्ष अंकित गोयल ने कहा कि गौतम बुद्ध नगर प्रदेश का प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में कर्मचारी, उद्यमी और मालवाहक वाहन आवागमन करते हैं। ऐसे में जाम की समस्या का समाधान करने के लिए औद्योगिक क्षेत्रों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए व्यावहारिक और प्रभावी यातायात योजना बनाना जरूरी है।उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस विभाग संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर इन सुझावों पर गंभीरता से विचार करेगा। एसोसिएशन ने यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग को पूरा सहयोग देने की प्रतिबद्धता भी जताई।प्रतिनिधिमंडल में संजीव शर्मा, अंकित गोयल, विवेक चौहान, महिपाल चौहान और एमपी शुक्ला शामिल रहे।




