गीता सिंह भाटी के नेतृत्व में छात्राओं को किया स्वास्थ्य के प्रति जागरूक | तिलपता के बालिका वैदिक इंटर कॉलेज में सहयोग सेतु एवं इको होम्स की पहल, किशोरावस्था में होने वाले बदलावों और PCOD-PCOS की दी जानकारी
गीता सिंह भाटी के नेतृत्व में छात्राओं को किया स्वास्थ्य के प्रति जागरूक
तिलपता के बालिका वैदिक इंटर कॉलेज में सहयोग सेतु एवं इको होम्स की पहल, किशोरावस्था में होने वाले बदलावों और PCOD-PCOS की दी जानकारी

ग्रेटर नोएडा । सहयोग सेतु एवं इको होम्स एनजीओ के संयुक्त तत्वावधान में गीता सिंह भाटी के नेतृत्व में बालिका वैदिक इंटर कॉलेज, तिलपता में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं को स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने छात्राओं को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक बदलावों, PCOD एवं PCOS जैसी स्वास्थ्य समस्याओं, उनके लक्षणों और जरूरी सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही छात्राओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और किसी भी समस्या को लेकर बिना झिझक उचित सलाह लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर गीता सिंह भाटी ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बेटियों का अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होना भी बेहद आवश्यक है। स्वस्थ और जागरूक बेटियां ही सशक्त समाज की नींव हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम छात्राओं को सही जानकारी देने और उनके मन में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर बनी झिझक दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना, उन्हें सही जानकारी उपलब्ध कराना और अपनी समस्याओं पर खुलकर बात करने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। सहयोग सेतु एवं इको होम्स की इस पहल को किशोरियों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।




