GautambudhnagarGreater noida news

पिंक रोजगार मेले में 263 युवतियों का चयन, 17 कंपनियों ने लिया हिस्सा

पिंक रोजगार मेले में 263 युवतियों का चयन, 17 कंपनियों ने लिया हिस्सा

ग्रेटर नोएडा। महिला सशक्तिकरण और युवतियों को रोजगार से जोड़ने की दिशा में जिला सेवायोजन विभाग, गौतमबुद्धनगर की ओर से राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, बादलपुर में पिंक रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ दादरी विधायक तेजपाल नागर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जिलाधिकारी मेधा रूपम भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं।

रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 17 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। मेले के लिए 486 छात्राओं एवं युवतियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें 300 से अधिक ऑनलाइन और 186 ऑफलाइन पंजीकरण शामिल रहे। साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया के बाद 263 अभ्यर्थियों का चयन किया गया और उन्हें नियुक्ति-पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम में जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री, आर्या फैशंस की संस्थापिका खुशबू सिंह और राजकीय महिला पॉलिटेक्निक बादलपुर की प्रधानाचार्या दीपिका दुबे सहित विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान जिला सेवायोजन कार्यालय और युवा शक्ति फाउंडेशन के बीच रोजगार संवर्धन के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर भी किए गए।

दादरी विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ऐसे रोजगार मेले युवतियों को उनकी योग्यता और कौशल के अनुसार रोजगार देने वाली कंपनियों से सीधे जोड़ने में मददगार हैं।जिलाधिकारी मेधा रूपम ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि उनके भीतर अपार क्षमता है। जरूरत अपनी प्रतिभा और सामर्थ्य को पहचानकर उसका सही दिशा में उपयोग करने की है। उन्होंने कहा कि पिंक रोजगार मेला बेटियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की एक अनूठी पहल है, जिसे आगे भी जारी रखा जाएगा।उन्होंने कहा कि छात्राओं को अपने भविष्य के लिए निरंतर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ना चाहिए। रोजगार मेले में शामिल कंपनियों ने छात्राओं से संवाद कर उन्हें विभिन्न रोजगार अवसरों की जानकारी दी।

जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री ने बताया कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में पिंक रोजगार मेले के माध्यम से युवतियों को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए।

Related Articles

Back to top button