यथार्थ अस्पताल में जटिल लिवर-किडनी ट्रांसप्लांट सफल, 50 वर्षीय मरीज को मिला नया जीवन
यथार्थ अस्पताल में जटिल लिवर-किडनी ट्रांसप्लांट सफल, 50 वर्षीय मरीज को मिला नया जीवन

ग्रेटर नोएडा। यथार्थ अस्पताल, नोएडा एक्सटेंशन में डॉक्टरों की विशेषज्ञ टीम ने 50 वर्षीय मरीज का सफलतापूर्वक एक साथ लिवर और किडनी प्रत्यारोपण (SLKT) कर नया जीवन दिया। मरीज क्रॉनिक किडनी डिजीज के अंतिम चरण में था और सप्ताह में तीन बार डायलिसिस पर निर्भर था। इसके साथ ही वह हेपेटाइटिस-B संक्रमण के कारण क्रॉनिक लिवर डिजीज से भी पीड़ित था।
मामला कई स्तरों पर चुनौतीपूर्ण था। मरीज को टाइप-2 डायबिटीज, डायबिटिक नेफ्रोपैथी व न्यूरोपैथी, हाई ब्लड प्रेशर और कोरोनरी आर्टरी डिजीज जैसी स्वास्थ्य समस्याएं थीं। करीब एक वर्ष पहले दाहिने गुर्दे में ट्यूमर के कारण उसकी राइट रेडिकल नेफ्रेक्टॉमी भी की जा चुकी थी। इसके अलावा लिवर ट्रांसप्लांट में डोनर और मरीज के ब्लड ग्रुप अलग होने से प्रक्रिया और जटिल हो गई थी।
मरीज की पत्नी ने लिवर और बेटी ने किडनी डोनेट की। खास बात यह रही कि B-पॉजिटिव डोनर का लिवर O-पॉजिटिव मरीज में प्रत्यारोपित किया गया, जबकि किडनी डोनर और मरीज का ब्लड ग्रुप समान था। करीब 15–16 घंटे चली सर्जरी में लिवर ट्रांसप्लांट, किडनी ट्रांसप्लांट, एनेस्थीसिया, ब्लड बैंक और क्रिटिकल केयर टीमों ने समन्वय के साथ काम किया।
किडनी ट्रांसप्लांट के दौरान डोनर की बाईं किडनी में दो रीनल आर्टरीज होने के कारण जटिल वैस्कुलर रिकंस्ट्रक्शन किया गया। वहीं, प्री-ऑपरेटिव CT एंजियोग्राफी में मरीज की दाईं इलियक रक्त वाहिका अनुपयुक्त पाए जाने पर किडनी को बाईं इलियक रक्त वाहिकाओं से जोड़ा गया। दोनों डोनरों की सर्जरी लैप्रोस्कोपी के माध्यम से की गई।
डॉ. विशाल कुमार चोरसिया, डॉ. प्रग्नेश देसाई और डॉ. उपेंद्र सिंह ने बताया कि मरीज की कई स्वास्थ्य जटिलताओं के बावजूद बेहतर प्री-ऑपरेटिव तैयारी, विशेषज्ञ टीमों के समन्वय और ऑपरेशन के बाद करीबी निगरानी से ट्रांसप्लांट सफल रहा। अस्पताल के सीओओ डॉ. प्रह्लाद अग्रवाल ने इसे अस्पताल की उन्नत ट्रांसप्लांट एवं क्रिटिकल केयर क्षमताओं की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
ट्रांसप्लांट के बाद मरीज ने अच्छी रिकवरी के संकेत दिए और लिवर व किडनी दोनों ग्राफ्ट ने बेहतर तरीके से काम करना शुरू कर दिया। अस्पताल के अनुसार, यह सफलता जटिल लिवर-किडनी प्रत्यारोपण के क्षेत्र में यथार्थ अस्पताल, नोएडा एक्सटेंशन की बढ़ती चिकित्सा क्षमता को दर्शाती है।




