GautambudhnagarGreater noida news

आरडब्ल्यूए सेक्टर पी -3 का एक वर्ष पूरा, 5.50 करोड़ के विकास कार्य स्वीकृत

आरडब्ल्यूए सेक्टर पी -3 का एक वर्ष पूरा, 5.50 करोड़ के विकास कार्य स्वीकृत

विकास, स्वच्छता, सुरक्षा और हरियाली को लेकर कई योजनाओं पर हुआ काम; ‘मेरा सेक्टर सबसे बेहतर’ अभियान में पी -3 रहा प्रथम

ग्रेटर नोएडा। सेक्टर पी -3 की आरडब्ल्यूए टीम के गठन को एक वर्ष पूरा होने पर अध्यक्ष अमित भाटी ने पिछले एक वर्ष में कराए गए विकास कार्यों, सामाजिक पहलों और आगामी योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि सेक्टरवासियों के सहयोग से करीब 5.50 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत कराए जा चुके हैं, जबकि अन्य विकास कार्यों के लिए भी प्रयास जारी हैं।अमित भाटी के अनुसार, सेक्टर में करीब 60 लाख रुपये की लागत से विभिन्न ग्रीन बेल्ट की बाउंड्री वॉल, 35 से 40 लाख रुपये की लागत से पार्कों में हाईमास्ट लाइटें और करीब 40 लाख रुपये की लागत से आंतरिक सड़कों की रिसर्फेसिंग समेत कई कार्य कराए गए हैं। सेक्टर-3 मार्केट के करीब 35 लाख रुपये के मेंटेनेंस व सौंदर्यीकरण तथा कम्युनिटी सेंटर के करीब 28 लाख रुपये के मेंटेनेंस का कार्य प्रगति पर है। वहीं, करीब 1.32 करोड़ रुपये की लागत से 24 मीटर सड़कों पर नई स्ट्रीट लाइटें और हाईमास्ट पोल लगाने का कार्य भी जल्द शुरू होने की बात कही गई है।

इसके अलावा करीब 2 करोड़ रुपये के अतिरिक्त विकास कार्यों के टेंडर प्रस्तावित हैं। इनमें पार्कों में हट व बच्चों के लिए झूले, चारों ब्लॉकों में ओपन जिम तथा प्रमुख मार्गों पर ग्रास ग्रिड टाइल्स लगाने जैसे कार्य शामिल हैं।

‘मेरा सेक्टर सबसे बेहतर’ अभियान में पी -3 प्रथम

अमित भाटी ने बताया कि पूर्व में आरडब्ल्यूए महासचिव रहते हुए भी सेक्टर में तार फेंसिंग, बाउंड्री वॉल, ग्रीन बेल्ट और पार्कों के सौंदर्यीकरण, सीसीटीवी कैमरे, मदर डेयरी तथा सड़कों के सुधार सहित कई कार्यों में योगदान दिया गया। इन प्रयासों के सामूहिक परिणामस्वरूप पी -3 ने अमर उजाला के ‘मेरा सेक्टर सबसे बेहतर’ अभियान में पूरे ग्रेटर नोएडा में प्रथम स्थान हासिल किया। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय पूरे सेक्टरवासियों की एकजुटता और सहयोग को दिया।

तिरंगा पार्क और बर्तन बैंक बना आकर्षण

आरडब्ल्यूए के सहयोग से गेट नंबर-3 और 4 पर गार्ड रूम, पब्लिक टॉयलेट और वॉटर कूलर जैसी सुविधाओं पर काम कराया गया है। मार्केट के पार्क को ‘तिरंगा पार्क’ के रूप में विकसित कर वहां 20 मीटर ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज स्थापित किया गया है। इसके अलावा सेक्टर में बर्तन बैंक शुरू किया गया है, जहां धार्मिक, सामाजिक कार्यक्रमों और भंडारों के लिए सेक्टरवासी निःशुल्क बर्तन ले सकते हैं। आरडब्ल्यूए के अनुसार, इसका उद्देश्य सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम करना है।मार्केट में लंबे समय से जर्जर इलेक्ट्रिक रूम को भी प्राधिकरण के सहयोग से विकसित कराया जा रहा है। भविष्य में यहां बर्तन बैंक, कपड़ा बैंक, बुक बैंक, सीनियर सिटीजन रिक्रिएशन रूम सहित अन्य सामाजिक गतिविधियां संचालित करने की योजना है।

ड्रेनेज और अवैध गतिविधियों पर भी फोकस

सेक्टर में क्षतिग्रस्त ड्रेनेज लाइनों की मरम्मत और बंद चैंबरों की सफाई सहित जलभराव की समस्या को दूर करने के प्रयास किए गए हैं। हैवेलिया नाले की सफाई, डिजाइन, ब्यूटिफिकेशन और दुर्गंध की समस्या के समाधान के लिए भी प्राधिकरण स्तर पर प्रयास जारी हैं।आरडब्ल्यूए ने सेक्टर में चल रहे अवैध पीजी , होटल, ढाबे और अन्य अनधिकृत गतिविधियों के खिलाफ भी प्राधिकरण से शिकायतें की हैं। आरडब्ल्यूए का दावा है कि कई मामलों में पीजी बंद हुए हैं, जबकि कुछ मामलों में नोटिस और सीलिंग की कार्रवाई की गई है। आरडब्ल्यूए ने मकान मालिकों से अपील की है कि वे आर्थिक लाभ के लिए अपने मकानों को अवैध पीजी या अन्य अनधिकृत गतिविधियों के लिए किराए पर न दें।

पी -3 स्पोर्ट्स क्लब का निर्माण जारी

गेट नंबर-3 के पास बच्चों और युवाओं के लिए P-3 स्पोर्ट्स क्लब विकसित किया जा रहा है। आरडब्ल्यूए के अनुसार, इसका करीब 70 से 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। यहां वॉलीबॉल और बैडमिंटन कोर्ट, वॉकिंग एवं रनिंग ट्रैक तथा प्रकाश व्यवस्था विकसित की जाएगी।अमित भाटी ने कहा कि एक वर्ष के दौरान यदि आरडब्ल्यूए के किसी पदाधिकारी से जाने-अनजाने कोई गलती हुई हो या किसी की भावनाओं को ठेस पहुंची हो तो पूरी टीम सेक्टरवासियों से क्षमा प्रार्थी है। उन्होंने कहा कि अब तक हुए सकारात्मक बदलाव किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे सेक्टरवासियों के विश्वास, सहयोग और एकजुटता का परिणाम हैं। आने वाले वर्ष में भी पी -3 को ग्रेटर नोएडा का स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित, हरा-भरा और व्यवस्थित सेक्टर बनाने के लिए प्रयास जारी रहेंगे।

Related Articles

Back to top button