प्रवीण कुमार के नाम पर बनेगा मार्ग युवाओं को देगा नई प्रेरणा। धीरेंद्र सिंह
प्रवीण कुमार के नाम पर बनेगा मार्ग युवाओं को देगा नई प्रेरणा। धीरेंद्र सिंह

जेवर। पद्मश्री एवं पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता प्रवीण कुमार के सम्मान में ग्राम गोविंदगढ़ में मुख्यमंत्री त्वरित विकास योजना के अंतर्गत लगभग ₹44 लाख की लागत से निर्मित “पद्मश्री प्रवीण कुमार मार्ग” का शिलान्यास उनकी पूज्य माताजी निर्दोष देवी के करकमलों द्वारा संपन्न हुआ। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने प्रवीण कुमार के परिवार का भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि “यह मार्ग केवल ईंट, पत्थर और डामर से बनी सड़क नहीं है, बल्कि यह भारत का नाम विश्व पटल पर स्वर्णिम अक्षरों में अंकित करने वाले हमारे गौरव, पद्मश्री एवं पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता प्रवीण कुमार के संघर्ष, संकल्प और उपलब्धियों का जीवंत स्मारक है। यह मार्ग आने वाली पीढ़ियों को यह प्रेरणा देगा कि सीमित संसाधन कभी भी सफलता की राह में बाधा नहीं बनते, यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और राष्ट्र के लिए कुछ कर गुजरने का जज़्बा हो।”उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में खिलाड़ियों के सम्मान, प्रोत्साहन और खेल अधोसंरचना के विकास के लिए अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने और समाज में सम्मान दिलाने के लिए निरंतर कार्यरत है।विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि “जिस धरती ने प्रवीण कुमार जैसा विश्व विजेता दिया है, उस धरती का प्रत्येक युवा उनके जीवन से प्रेरणा लेकर खेल, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। यह मार्ग क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है और सदैव लोगों को उनके संघर्ष एवं उपलब्धियों की याद दिलाता रहेगा।”इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, गणमान्य नागरिक, युवा एवं ग्रामीण उपस्थित रहे और सभी ने प्रवीण कुमार के सम्मान में आयोजित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम की सराहना की।




