गौतमबुद्ध नगर के जिला मुख्यालय बिसरख पर जिला कांग्रेस कमेटी की समीक्षा बैठक हुई संपन्न
गौतमबुद्ध नगर के जिला मुख्यालय बिसरख पर जिला कांग्रेस कमेटी की समीक्षा बैठक हुई संपन्न

ग्रेटर नोएडा।गौतमबुद्ध नगर के जिला मुख्यालय बिसरख पर जिला कांग्रेस कमेटी की समीक्षा बैठक संपन्न हुई, बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने की। बैठक में जिले के पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों, नगर अध्यक्षों, विभाग एवं प्रकोष्ठों के प्रतिनिधियों तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।बैठक से पूर्व देश के महान किसान नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के लोकप्रिय जननायक स्व० राजेश पायलट की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित नमन किया गया। उपस्थित कांग्रेसजनों ने स्वर्गीय राजेश पायलट जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण किया तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि स्वर्गीय राजेश पायलट भारतीय राजनीति के उन विरले नेताओं में थे जिन्होंने सत्ता को कभी अपना लक्ष्य नहीं बनाया, बल्कि जनसेवा को अपने जीवन का उद्देश्य माना। किसानों, मजदूरों, युवाओं, सैनिकों और समाज के वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष आज भी करोड़ों लोगों को प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि राजेश पायलट जी ने कांग्रेस संगठन को गांव, गरीब और किसान से जोड़ने का जो कार्य किया, वह आज भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक है। जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर उनकी पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करती है।
श्रद्धांजलि उपरांत आयोजित समीक्षा बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के बाद उपलब्ध कराई गई मतदाता सूचियों के आधार पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा ब्लॉक, बूथ, नगर एवं वार्ड स्तर पर किए जा रहे मतदाता सत्यापन अभियान की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न ब्लॉकों एवं नगर इकाइयों से प्राप्त प्रगति रिपोर्ट पर चर्चा की गई।
समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि अब तक जिले में लगभग 40 प्रतिशत मतदाताओं का ही सत्यापन कार्य पूरा हो सका है। इस पर चिंता व्यक्त करते हुए जिला अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची की शुद्धता अत्यंत आवश्यक है और कांग्रेस पार्टी इस कार्य को पूरी गंभीरता के साथ कर रही है। उन्होंने कहा कि शेष मतदाताओं के सत्यापन कार्य में अपेक्षित गति लाने के लिए संगठन के प्रत्येक स्तर पर अतिरिक्त प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी दिनों में मतदाता सत्यापन अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न ब्लॉकों एवं नगर इकाइयों में संगठन के अतिरिक्त पदाधिकारियों को प्रभारी एवं सह-प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी लगा दी गयी है। इससे और बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा अभियान को बूथ स्तर तक गति आएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर कांग्रेस की मजबूत उपस्थिति सुनिश्चित करना संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
दीपक भाटी चोटीवाला ने आगे कहा कि आने वाले समय में चुनावी गतिविधियां और अधिक तेज होने वाली है, इसलिए प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता को अभी से पूर्ण सक्रियता के साथ मैदान में उतरना होगा। उन्होंने सभी ब्लॉक अध्यक्षों, नगर अध्यक्षों, सेक्टर एवं बूथ स्तर के पदाधिकारियों से नियमित जनसंपर्क, मतदाता संवाद और संगठन विस्तार अभियान चलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता आज महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों से परेशान है तथा कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी मुकेश शर्मा ने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसके सक्रिय कार्यकर्ताओं में निहित होती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित रूप से कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें आयोजित करनी चाहिए तथा बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य करना चाहिए। उन्होंने मतदाता सत्यापन अभियान को संगठन विस्तार और जनसंपर्क का महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए सभी कार्यकर्ताओं से पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ इस अभियान में भाग लेने का आह्वान किया।बैठक में आगामी माह के संगठनात्मक कार्यक्रमों, बूथ सशक्तिकरण अभियान, जनसंपर्क गतिविधियों, सदस्यता विस्तार, सामाजिक एवं राजनीतिक मुद्दों पर पार्टी की सक्रिय भूमिका तथा चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। सभी पदाधिकारियों ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने तथा कांग्रेस की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।बैठक में मुकेश शर्मा,गौतम अवाना,रिज़वान चौधरी,नीरज लोहिया,महाराज सिंह नागर,हरेंद्र शर्मा,सुरेन्द्र प्रताप सिंह,दुष्यंत नगर,सतीश शर्मा,विजय नागर,धर्मवीर प्रधान,आर० के० प्रथम,कैलाश बंसल,रमेश चाँद यादव,सुबोध भट्ट,रमेश बाल्मीकि,प्रिंस भाटी,अरविन्द रेक्सवाल,सचिन जीनवाल,विपिन त्यागी,असगर अली,अमित कुमार,रमेश चंद जीनवाल,जय प्रसाद,जतन सिन्हा,ओ० पी० दीक्षित,आलोक जैन,मनोज गौतम,शाहिद,योगेश आदि कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।




