श्री द्रोणाचार्य (पी.जी.) कॉलेज, दनकौर में हिन्दी दिवस पर छात्र-छात्राओं ने कविता, भाषण और निबंध के जरिए जताया भाषा के प्रति सम्मान
श्री द्रोणाचार्य (पी.जी.) कॉलेज, दनकौर में हिन्दी दिवस पर छात्र-छात्राओं ने कविता, भाषण और निबंध के जरिए जताया भाषा के प्रति सम्मान

ग्रेटर नोएडा। श्री द्रोणाचार्य (पी.जी.) कॉलेज, दनकौर में हिन्दी दिवस के उपलक्ष्य में महाविद्यालय के कक्ष संख्या-119 में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के सचिव रजनीकान्त अग्रवाल एवं प्राचार्य डॉ. गिरीश कुमार वत्स के दिशा-निर्देशन में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण से किया गया। छात्र-छात्राओं ने कविता पाठ, भाषण और निबंध प्रस्तुति के माध्यम से हिन्दी भाषा के प्रति प्रेम एवं सम्मान व्यक्त किया। उप-प्राचार्या एवं आईक्यूएसी समन्वयक डॉ. रश्मि गुप्ता ने कहा कि हिन्दी हमारे भावों और विचारों की सशक्त अभिव्यक्ति है। हिन्दी को वैश्विक मंच पर स्थापित करना युवा पीढ़ी का दायित्व है। महाविद्यालय सचिव रजनीकान्त अग्रवाल ने कहा कि हिन्दी केवल भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संस्कार और राष्ट्रीय एकता की पहचान है। वहीं प्राचार्य डॉ. गिरीश कुमार वत्स ने कहा कि हिन्दी दिवस हमें हिन्दी के सम्मान और दैनिक जीवन में इसके अधिकाधिक प्रयोग की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. कोकिल एवं डॉ. सूर्य प्रताप राघव ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।




