नोएडा टैलेंट हंट में 12 वर्षीय आर्या चौहान का शानदार प्रदर्शन, जिमनास्टिक्स और स्विमिंग में जीते तीन मेडल
नोएडा टैलेंट हंट में 12 वर्षीय आर्या चौहान का शानदार प्रदर्शन, जिमनास्टिक्स और स्विमिंग में जीते तीन मेडल

नोएडा। सेक्टर-76 स्थित आम्रपाली सिलिकॉन सिटी निवासी 12 वर्षीय आर्या चौहान ने नोएडा टैलेंट हंट खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन मेडल अपने नाम किए। आर्या ने जिमनास्टिक्स और स्विमिंग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर परिवार और स्कूल का नाम रोशन किया।
प्रोमिथियस स्कूल के चेयरमैन मुकेश शर्मा द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में नोएडा के विभिन्न प्रमुख स्कूलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में आर्या ने जिमनास्टिक्स की अंडर-12 बैलेंसिंग बीम स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल और स्विमिंग की 100 मीटर बैक स्ट्रोक स्पर्धा में भी ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। इसके अलावा जिमनास्टिक्स की टीम स्पर्धा में प्रोमिथियस स्कूल की विजेता टीम का हिस्सा रहते हुए गोल्ड मेडल जीतने में योगदान दिया।
कक्षा सातवीं की छात्रा आर्या पिछले दो वर्षों से जिमनास्टिक्स और स्विमिंग का नियमित अभ्यास कर रही हैं। वह विजय श्री स्पोर्ट्स अकादमी में कोच इशु चौधरी के निर्देशन में जिमनास्टिक्स और प्रोमिथियस स्कूल स्पोर्ट्स अकादमी में कोच करमवीर के मार्गदर्शन में स्विमिंग का अभ्यास करती हैं।
आर्या के पिता अभिषेक चौहान और माता डॉ. खुशबू सिंह उनके खेल सफर में लगातार सहयोग कर रहे हैं। उनकी नाना जी भी प्रतिदिन उन्हें अकादमी ले जाने में विशेष भूमिका निभाते हैं। आर्या अपनी मां डॉ. खुशबू सिंह को अपना रोल मॉडल मानती हैं। डॉ. खुशबू सिंह स्वयं स्पोर्ट्स पर्सन और हाइरॉक्स पोडियम विजेता हैं तथा फिटनेस के क्षेत्र में सक्रिय हैं।
आर्या का कहना है कि उनकी मां ने उन्हें सिखाया है कि किसी भी खेल में कभी हार नहीं माननी चाहिए। उनके अनुसार खेलों में भाग लेना सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है। आर्या का सपना है कि वह खेलों को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाए रखें और भविष्य में जिमनास्टिक्स व स्विमिंग के क्षेत्र में बड़े स्तर पर अपनी पहचान बनाएं।




