IIA ग्रेटर नोएडा चैप्टर का दीपोत्सव धूमधाम से सम्पन्न, 300 से अधिक उद्यमियों और परिवारों ने लिया हिस्सा
IIA ग्रेटर नोएडा चैप्टर का दीपोत्सव धूमधाम से सम्पन्न, 300 से अधिक उद्यमियों और परिवारों ने लिया हिस्सा
वर्ष 2027 के वार्षिक कैलेंडर का हुआ विमोचन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सम्मान समारोह ने बढ़ाई आयोजन की रौनक

ग्रेटर नोएडा। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए ) के ग्रेटर नोएडा चैप्टर की ओर से शुक्रवार को रॉयल हैबिटेट सेंटर में दीपोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में 300 से अधिक औद्योगिक उद्यमियों और उनके परिवारजनों ने भाग लेकर दीपावली की खुशियां साझा कीं।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण वर्ष 2027 के वार्षिक कैलेंडर का विमोचन रहा। इस दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, संगीत, नृत्य और मनोरंजक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। स्वादिष्ट व्यंजनों और दिल्ली की प्रसिद्ध चाट ने भी आयोजन की रौनक बढ़ाई।चैप्टर के अध्यक्ष सरबजीत सिंह ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों और प्रायोजकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आयोजन समिति और अपनी पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।समारोह में दीपोत्सव आयोजन समिति के सदस्यों को उनके विशेष योगदान के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही प्रशासनिक विभागों, विभिन्न प्राधिकरणों और सरकारी विभागों के अधिकारियों एवं आमंत्रित अतिथियों का स्वागत किया गया।सरबजीत सिंह ने कहा कि संगठन का उद्देश्य उद्योगों की समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाने के साथ ही उद्यमियों के बीच आपसी सहयोग, व्यापारिक संबंध और एकजुटता को मजबूत करना है। ऐसे पारिवारिक आयोजन उद्यमियों को एक-दूसरे से जुड़ने और नए व्यावसायिक अवसर विकसित करने का मंच प्रदान करते हैं।कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी सहयोगकर्ताओं, प्रायोजकों, अतिथियों, सदस्यों और उनके परिवारजनों के साथ-साथ आयोजन को व्यापक स्तर पर पहुंचाने वाले मीडिया प्रतिनिधियों का विशेष आभार व्यक्त किया।
आईआईए ग्रेटर नोएडा चैप्टर का दीपोत्सव-2026 उद्योग जगत की एकजुटता, पारिवारिक सौहार्द और आपसी सहयोग की भावना के साथ सम्पन्न हुआ।




