GautambudhnagarGreater noida news

फेलिक्स हॉस्पिटल और नोएडा लोक मंच के सहयोग से लगा मेगा स्वास्थ्य शिविर,भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर रहे मुख्य अतिथि

फेलिक्स हॉस्पिटल और नोएडा लोक मंच के सहयोग से लगा मेगा स्वास्थ्य शिविर,भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर रहे मुख्य अतिथि

स्वास्थ्य सेवाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाना जरूरी : नवाब सिंह नागर

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की स्वास्थ्य जांच, बीपी-शुगर से लेकर बीएमडी, पीएफटी और आंखों की हुई जांच

नोएडा। स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने और जरूरतमंदों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को सेक्टर-12 स्थित नोएडा लोकमंच दवा बैंक एवं फ्री हेल्थ सेंटर में सुपर स्पेशियलिटी नि:शुल्क हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। नोएडा लोक मंच और फेलिक्स हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित शिविर में सैकड़ों लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। फेलिक्स हॉस्पिटल की चिकित्सकीय टीम ने विभिन्न जांच करने के साथ मरीजों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार आवश्यक परामर्श दिया। कार्यक्रम में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि फेलिक्स हॉस्पिटल और नोएडा लोक मंच लंबे समय से जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य और अन्य जनकल्याणकारी सेवाएं पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। शिविर का उद्देश्य लोगों को नजदीक ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह और आवश्यक जांच उपलब्ध कराना था। खासकर बुजुर्गों और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए ऐसे शिविर काफी उपयोगी साबित होते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के आयोजन जारी रखने को कहा। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह और जरूरी जांच लोगों को उनके नजदीक ही मिल जाती है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर और बुजुर्ग वर्ग को विशेष लाभ मिलता है। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच से गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान संभव है। लोगों को भी अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना चाहिए और किसी बीमारी के लक्षण नजर आने पर चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। उन्होंने नोएडा लोकमंच और फेलिक्स हॉस्पिटल की इस पहल की सराहना की। वहीं

फेलिक्स हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. डीके गुप्ता ने बताया कि स्वास्थ्य जांच शिविर का उद्देश्य लोगों को उनके नजदीक ही जरूरी जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह उपलब्ध कराना है। शिविर में बीपी, शुगर, हड्डियों की मजबूती, आंखों और सांस से संबंधित समस्याओं की जांच की गई। उन्होंने कहा कि कई बीमारियों के शुरुआती लक्षण सामान्य होते हैं, जिन्हें लोग अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। नियमित स्वास्थ्य जांच से बीमारी की शुरुआती अवस्था में पहचान कर समय रहते उपचार शुरू किया जा सकता है। शिविर में हाइट, वेट, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और बोन मिनरल डेंसिटी (बीएमडी) की नि:शुल्क जांच की गई। इसके अलावा पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट (पीएफटी), आंखों की जांच और ब्लड टेस्ट की सुविधा भी उपलब्ध रही। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को देखते हुए ऑर्थोपेडिक्स, ईएनटी और जनरल फिजिशियन विशेषज्ञों ने मरीजों की जांच कर परामर्श दिया। विशेष रूप से बुजुर्गों और ऐसे लोगों ने शिविर का लाभ उठाया, जो नियमित रूप से स्वास्थ्य परीक्षण नहीं करा पाते हैं। शिविर में मरीजों को संतुलित खानपान, नियमित व्यायाम और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। चिकित्सकों ने सलाह दी कि ब्लड प्रेशर, शुगर, हड्डियों की कमजोरी, आंखों अथवा सांस से जुड़ी समस्या को नजरअंदाज न करें। किसी स्वास्थ्य समस्या के लगातार बने रहने पर खुद से दवा लेने के बजाय विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लें। शिविर में जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क दवाएं उपलब्ध कराने के साथ दवा बैंक से जुड़े लोगों के कार्ड भी फेलिक्स हॉस्पिटल के सहयोग से बनाए गए। वहीं फेलिक्स अस्पताल की निदेशक डॉ. रश्मि गुप्ता ने बताया कि स्वास्थ्य सुविधाओं को केवल अस्पतालों तक सीमित रखने के बजाय जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना चिकित्सा संस्थानों की जिम्मेदारी भी है। फेलिक्स हॉस्पिटल की ओर से भविष्य में भी जनहित में स्वास्थ्य जागरूकता और जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। वहीं नोएडा लोक मंच के महासचिव महेश सक्सेना ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं और जागरूकता को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए भविष्य में भी इस तरह के जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व राज्यसभा महासचिव एवं नोएडा लोकमंच के वरिष्ठ उपाध्यक्ष योगेंद्र नारायण, रिटायर्ड आईएएस ने की। इस मौके पर नोएडा प्राधिकरण के विशेष कार्यकारी अधिकारी इंदु प्रकाश, दवा बैंक के सलाहकार डॉ. अजीत सक्सेना, फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, डीडीआरडब्ल्यूए अध्यक्ष एनपी सिंह और फर्स्टमैन रिलीफ फाउंडेशन के निदेशक डॉ. महिपाल सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में प्राधा होमकेयर का भी सहयोग रहा।

Related Articles

Back to top button