जेवर ब्लॉक कांग्रेस द्वारा स्थानीय कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए लगाई चौपाल
जेवर ब्लॉक कांग्रेस द्वारा स्थानीय कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए लगाई चौपाल

ग्रेटर नोएडा ।जनपद कांग्रेस के संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से जेवर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में क्षेत्र के ग्राम चांचली में एक ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला शामिल हुए। ब्लॉक अध्यक्ष सूबेदार सतपाल सिंह द्वारा ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया।
ग्राम चौपाल के दौरान स्थानीय कांग्रेस संगठन के सशक्तिकरण, जनसमस्याओं तथा केंद्र की भा०ज०पा सरकार द्वारा महिला आरक्षण के मुद्दे पर की जा रही छद्म राजनीति को उजागर करते हुए ग्रामीणों के साथ विस्तृत संवाद किया गया।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने ग्रामीणों के बीच अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी का मूल उद्देश्य समाज के हर वर्ग को न्याय और सम्मान दिलाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महिला आरक्षण जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय पर भी केवल राजनीतिक लाभ लेने के लिए भ्रम फैलाने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा, महिला सशक्तिकरण केवल कानून बनाने से नहीं, बल्कि उसे ईमानदारी से लागू करने और समाज में समान अवसर सुनिश्चित करने से संभव है। भाजपा सरकार ने महिला आरक्षण के मुद्दे को केवल चुनावी हथियार के रूप में इस्तेमाल किया है, जबकि कांग्रेस पार्टी हमेशा से महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के पक्ष में रही है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर इस सच्चाई को जनता तक पहुंचाएं और कांग्रेस की नीतियों को मजबूती से जन-जन तक ले जाएं।ब्लॉक जेवर कांग्रेस अध्यक्ष सूबेदार सतपाल सिंह ने कहा कि जेवर ब्लॉक में कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम चौपाल जैसे कार्यक्रम कार्यकर्ताओं और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं।उन्होंने कहा कि आज जेवर ग्रामीण क्षेत्र की समस्याएं जिनमे भूमि अधिग्रहण, एयरपोर्ट प्रभावित किसानों का पुनर्वास, उचित मुआवज़ा, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य गंभीर रूप ले चुकी हैं, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय केवल दिखावटी और उद्घाटन की राजनीति कर रही है। कांग्रेस कार्यकर्ता इन मुद्दों को मजबूती से उठाने का काम करेंगे।
जिला संगठन प्रभारी मुकेश शर्मा ने कहा कि संगठन की मजबूती ही कांग्रेस की असली ताकत है। उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा देश को जोड़ने और समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने की रही है। हमें इसी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए जनता के बीच लगातार सक्रिय रहना है।ग्राम चौपाल के दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याओं और सुझावों को साझा किया, जिस पर कांग्रेस नेताओं ने गंभीरता से विचार करने और उनके समाधान के लिए संघर्ष करने का आश्वासन दिया।ग्राम चौपाल में सूबेदार सतपाल सिंह, मुकेश शर्मा, हरेन्द्र शर्मा, सुरेंद्र प्रताप सिंह, धर्म सिंह, श्रुति कुमारी, बिन्नू भाटी, नीरज लोहिया, सतीश शर्मा, रघुराज शर्मा, नरेश शर्मा, रामकिशन एडवोकेट, सुनील प्रधान, अजय अत्तरी, बिजेन्द्र छोंकर, बृजेश छोंकर, रंजीत सिंह, जादूगर खान, पंकज छोंकर, हनी सोम, ऐरन कुमार, दुष्यंत, अजीत चौहान, नरेश आदि लोग मौजूद रहे।




