GautambudhnagarGreater noida news

गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय स्काउट-गाइड शिविर का भव्य समापन, विद्यार्थियों में नेतृत्व व अनुशासन का हुआ विकास

गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय स्काउट-गाइड शिविर का भव्य समापन, विद्यार्थियों में नेतृत्व व अनुशासन का हुआ विकास

ग्रेटर नोएडा। गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के शिक्षा एवं प्रशिक्षण विभाग में 27 अप्रैल 2026 से आयोजित तीन दिवसीय स्काउट-गाइड शिविर का 29 अप्रैल 2026 को उत्साह, ऊर्जा और अनुशासनपूर्ण वातावरण में सफल समापन हुआ। इस शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन, टीम भावना तथा सेवा भाव का विकास करना था, ताकि उनके समग्र व्यक्तित्व का निर्माण सुनिश्चित किया जा सके।

शिविर के सफल संचालन में हिंदुस्तान स्काउट एंड गाइड प्रशिक्षण सेवा संस्थान का महत्वपूर्ण योगदान रहा। संस्थान की ओर से विवेक भार्गव ने शिविर निदेशक तथा परमजीत चौधरी ने प्रशिक्षण निदेशक के रूप में प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। दोनों प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को स्काउट-गाइड शिविर के उद्देश्यों, महत्व तथा आगामी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।शिविर के प्रथम दिवस का शुभारंभ प्रातः 10 बजे ध्वजारोहण एवं प्रार्थना सभा के साथ हुआ। इसके उपरांत मुख्य अतिथि विभागाध्यक्ष डॉ राकेश कुमार श्रीवास्तव सहित उपस्थित अतिथियों एवं प्रवक्ताओं का औपचारिक स्वागत किया गया। अपने संबोधन में डॉ. श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को इस शिविर को सीखने का अवसर मानते हुए आत्मानुशासन विकसित करने तथा प्रत्येक गतिविधि में पूर्ण समर्पण के साथ भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

तीनों दिनों के दौरान आयोजित विभिन्न प्रशिक्षण सत्रों में विद्यार्थियों को स्काउटिंग के मूल सिद्धांत, नियम, प्रतिज्ञा, आदर्श, सलामी की विधि तथा मार्चपास्ट का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही प्राथमिक उपचार, गांठें बाँधने की तकनीक, आपदा प्रबंधन तथा सामूहिक नेतृत्व कौशल पर भी विशेष अभ्यास कराया गया।

समापन दिवस पर मुख्य अतिथि मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता प्रो माधव गोविंद ने ध्वजारोहण किया। अपने प्रेरक संबोधन में उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड जैसी गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इनके माध्यम से छात्रों में आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता, सामूहिक सहयोग तथा सामाजिक सेवा की भावना मजबूत होती है, जो उन्हें जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करती है।

समापन समारोह में विभिन्न समूहों द्वारा भारत के विविध राज्यों की सांस्कृतिक झलक प्रस्तुत की गई। प्रतिभागियों ने टेंट निर्माण, सामूहिक भोजन निर्माण तथा रचनात्मक सजावट जैसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। टेंट निर्माण के दौरान छात्रों ने भूमि समतल करना, माप निर्धारण, खूँटे गाड़ना तथा रस्सियों को व्यवस्थित रूप से बाँधना जैसी तकनीकी प्रक्रियाओं का सफल प्रदर्शन किया, जिससे उनकी कार्यकुशलता और टीमवर्क स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।

इसके पश्चात समूहों द्वारा सामूहिक रूप से भोजन तैयार किया गया, जिसमें स्वच्छता, समन्वय और समय प्रबंधन का विशेष ध्यान रखा गया। कार्यक्रम में डॉ मनमोहन सिंह सिसोदिया , डॉ राकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के प्रवक्तागण उपस्थित रहे। वहीं डॉ राहुल कपूर एवं डॉ गौरव कुमार ने मूल्यांकनकर्ता के रूप में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम का समापन भारत स्काउट गाइड ध्वज को सम्मानपूर्वक उतारकर तथा राष्ट्रगान के साथ किया गया।

तीन दिवसीय शिविर के सफल संचालन में विभागाध्यक्ष डॉ राकेश कुमार श्रीवास्तव के प्रभावी नेतृत्व, विभाग समन्वयक डॉ श्रुति कांवर के कुशल मार्गदर्शन, विभाग के समस्त प्रवक्ताओं तथा प्रतिभागी विद्यार्थियों का उल्लेखनीय सहयोग रहा। यह शिविर सभी प्रतिभागियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक अनुभव सिद्ध हुआ, जिसने उनमें सेवा, समर्पण, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।

Related Articles

Back to top button