GautambudhnagarGreater noida news

जेपी पब्लिक स्कूल बना सीबीएसई नॉर्थ ज़ोन-I शूटिंग चैम्पियन । अंडर-19 एयर राइफल टीम स्पर्धा में 1168 अंकों के साथ पहला स्थान, ओलंपियन दीपक कुमार ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित

जेपी पब्लिक स्कूल बना सीबीएसई नॉर्थ ज़ोन-I शूटिंग चैम्पियन

अंडर-19 एयर राइफल टीम स्पर्धा में 1168 अंकों के साथ पहला स्थान, ओलंपियन दीपक कुमार ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित

ग्रेटर नोएडा। जेपी पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा में आयोजित पांच दिवसीय सीबीएसई नॉर्थ ज़ोन-I शूटिंग (गर्ल्स) एवं लॉन टेनिस चैम्पियनशिप 2026-27 का शुक्रवार को भव्य पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समापन हो गया। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली-एनसीआर समेत विभिन्न राज्यों के सैकड़ों खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। रोमांचक मुकाबलों के बाद विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों और टीमों को पदक, ट्रॉफी तथा प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।मेज़बान जेपी पब्लिक स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-19 एयर राइफल टीम स्पर्धा में 1168 अंकों के साथ प्रथम स्थान हासिल कर चैम्पियन बनने का गौरव प्राप्त किया। समारोह के मुख्य अतिथि ओलंपियन एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता निशानेबाज़ दीपक कुमार ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, धैर्य, समर्पण और व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त आधार हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास, सकारात्मक सोच और खेलभावना बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि आज के युवा खिलाड़ी भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगे।कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्या मीता भंडुला, एचओडी (शारीरिक शिक्षा एवं खेल) एवं आयोजन सचिव नीरज सिंह, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, टीम प्रबंधक, कोच, तकनीकी अधिकारी, निर्णायक, खिलाड़ी और अभिभावक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।प्राचार्या मीता भंडुला ने सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों और आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने कहा कि जेपी पब्लिक स्कूल गुणवत्तापूर्ण खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने और उत्कृष्ट खेल आयोजनों के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहेगा।आयोजन सचिव नीरज सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता का संचालन सीबीएसई के निर्धारित मानकों और तकनीकी नियमों के अनुरूप सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। उन्होंने तकनीकी समिति, निर्णायकों, शिक्षकों, स्टाफ, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट्स एवं गाइड्स तथा स्टूडेंट काउंसिल के सहयोग की सराहना की। साथ ही शूटिंग प्रतियोगिता प्रभारी आकाश शर्मा, लॉन टेनिस प्रभारी सचिन कुमार और कमल सिंह रावत तथा तकनीकी मार्गदर्शन के लिए दीपक कुमार का आभार व्यक्त किया।उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के सफल संचालन में स्टूडेंट काउंसिल की भी अहम भूमिका रही। हेड गर्ल आरना, स्पोर्ट्स कैप्टन झिग्यानी, कल्चरल कैप्टन रिदा फातिमा, मिहिका, एडिटोरियल हेड शाम्भवी और योग्या सहित छात्र स्वयंसेवकों ने अतिथि सत्कार, खिलाड़ियों के समन्वय और विभिन्न व्यवस्थाओं का दायित्व दक्षता के साथ निभाया।समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों और टीमों को पदक, ट्रॉफियां एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और खेलभावना का परिचय दिया। अंत में राष्ट्रगान के साथ प्रतियोगिता का विधिवत समापन हुआ। उपस्थित अतिथियों और टीम अधिकारियों ने सफल आयोजन एवं उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के लिए जेपी पब्लिक स्कूल की सराहना की।

Related Articles

Back to top button