GautamBuddhaUniversityGautambudhnagarGreater noida news

गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान, प्रधानमंत्री के संबोधन से जुड़े सैकड़ों युवा

गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान, प्रधानमंत्री के संबोधन से जुड़े सैकड़ों युवा

ग्रेटर नोएडा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्रव्यापी ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत रविवार को गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विश्वविद्यालय परिसर में प्रधानमंत्री के राष्ट्र के नाम संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया, जिसमें राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों, राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेट्स, विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों सहित 100 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।विश्वविद्यालय ने इस अभियान को केवल परिसर तक सीमित नहीं रखा, बल्कि डिजिटल माध्यम से भी बड़ी संख्या में युवाओं को इससे जोड़ा। नशामुक्ति एवं युवा जागरूकता विषय पर आयोजित ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में 500 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर अभियान के संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाया।अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने युवाओं को विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इससे जोड़ने की अपील की।

प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से नशामुक्ति विषय पर प्रश्नोत्तरी और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने नशे के सामाजिक, पारिवारिक और व्यक्तिगत दुष्प्रभावों पर अपने विचार रखते हुए स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार युवा पीढ़ी के निर्माण का संदेश दिया।कार्यक्रम में छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. सुशील कुमार, एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. नागेन्द्र सिंह, एनसीसी अधिकारी डॉ. नितेश सिंह भाटी एवं डॉ. भावना जोशी, मुख्य छात्रावास अधीक्षक डॉ. प्रदीप तोमर तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गौरव कुमार सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के शिक्षक उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने युवाओं से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने और विश्वविद्यालय से समाज तक जागरूकता का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का सफल आयोजन कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह के मार्गदर्शन एवं प्रेरणादायी नेतृत्व तथा कुलसचिव प्रो. चन्दर कुमार सिंह के प्रशासनिक सहयोग से संपन्न हुआ। वहीं, कार्यक्रम के सजीव प्रसारण और तकनीकी व्यवस्थाओं के संचालन में सेंटर फॉर कंप्यूटिंग एंड कम्युनिकेशन (सीसीसी) के अध्यक्ष डॉ. अनुराग सिंह बघेल, सिस्टम मैनेजर डॉ. संदीप राणा तथा सीसीसी की तकनीकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।कार्यक्रम के अंत में गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय परिवार ने ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ के राष्ट्रीय संकल्प के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

Related Articles

Back to top button