GautambudhnagarGreater noida news

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में विद्यार्थियों की बढ़ेगी भागीदारी, क्विज और बैटल ऑफ द बैंड्स का होगा आयोजन

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में विद्यार्थियों की बढ़ेगी भागीदारी, क्विज और बैटल ऑफ द बैंड्स का होगा आयोजन

ग्रेटर नोएडा। 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में स्कूल-कॉलेजों के प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में ट्रेड शो में अधिक से अधिक विद्यार्थियों और आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।जिलाधिकारी ने शिक्षण संस्थानों से विद्यार्थियों को ट्रेड शो में भाग लेने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों के लिए क्विज और बैटल ऑफ द बैंड्स जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विभिन्न टास्क पूरे करने वाले विद्यार्थियों को ट्रेड एक्सपो पासपोर्ट भी प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग के विशेष सत्र और विभिन्न करियर विकल्पों से जुड़े स्टॉल लगाए जाएंगे।

ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश के क्राफ्ट, कल्चर और कुजीन को व्यापक मंच मिलेगा। ओडीओपी के तहत विभिन्न जिलों के उत्पाद, स्थानीय हस्तशिल्प और उद्यमियों के उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। आयोजन के माध्यम से एमएसएमई, स्टार्टअप और स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने के साथ व्यापारिक अवसरों को बढ़ावा दिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्कूल-कॉलेजों के साथ समन्वय कर विद्यार्थियों के आवागमन और सहभागिता की आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही जनप्रतिनिधियों, वीवीआईपी, वीआईपी, आरडब्ल्यूए, एसोसिएशन और उद्यमियों को भी कार्यक्रमों में आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए।बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार पांडेय, डिप्टी कलेक्टर अरूण कुमार, पूर्वा शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण पाण्डेय, इंडिया एक्सपो मार्ट के सीईओ सुदीप सरकार समेत संबंधित अधिकारी और शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button