यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का चौथा संस्करण देगा उत्तर प्रदेश के ग्लोबल ट्रेड विजन को नई उड़ान । 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में होगा आयोजन, 45 हजार से अधिक घरेलू खरीदारों का पंजीकरण
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का चौथा संस्करण देगा उत्तर प्रदेश के ग्लोबल ट्रेड विजन को नई उड़ान
25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में होगा आयोजन, 45 हजार से अधिक घरेलू खरीदारों का पंजीकरण

लखनऊ/ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश में निवेश, निर्यात और औद्योगिक विकास को वैश्विक बाजार से जोड़ने की दिशा में योगी सरकार की पहल को यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 के चौथे संस्करण से नई गति मिलने जा रही है। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में प्रदेश के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों, उत्पादों, सरकारी विभागों और विकास प्राधिकरणों को वैश्विक खरीदारों और निवेशकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।
45 हजार से अधिक घरेलू खरीदारों ने कराया पंजीकरण
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 के लिए अब तक 45 हजार से अधिक घरेलू बिजनेस-टू-बिजनेस खरीदारों का पंजीकरण हो चुका है। आयोजन तक यह संख्या बढ़ने की उम्मीद है और घरेलू खरीदारों के लिए 1.5 लाख से अधिक पंजीकरण का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के लिए करीब 1500 पंजीकरण प्राप्त हुए हैं। इनमें से 500 से अधिक खरीदारों को शॉर्टलिस्ट किया जा चुका है, जबकि 300 से अधिक खरीदारों के टिकट सुरक्षित होने की जानकारी है।ट्रेड शो के माध्यम से प्रदेश के उद्यमियों, एमएसएमई, निर्यातकों और औद्योगिक संस्थानों को देश-विदेश के खरीदारों के साथ सीधे व्यावसायिक संवाद का अवसर मिलेगा। इससे उत्तर प्रदेश के उत्पादों को नए बाजारों तक पहुंचाने और निर्यात संभावनाओं को बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
36,500 वर्गमीटर प्रदर्शनी क्षेत्र बुक
ट्रेड शो के लिए अब तक 36,500 वर्गमीटर प्रदर्शनी क्षेत्र बुक किया जा चुका है। लगभग 1,000 वर्गमीटर अतिरिक्त क्षेत्र की बुकिंग भी संभावित है। प्रदर्शनी में उत्तर प्रदेश की औद्योगिक और वाणिज्यिक क्षमता को विभिन्न सेक्टरों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक आधारभूत ढांचे, प्रदेश के उत्पादों और वैश्विक व्यापारिक अवसरों को एक मंच पर लाने पर विशेष जोर रहेगा।
जापान समेत पांच देशों की भागीदारी
अंतरराष्ट्रीय भागीदारी के तहत जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर और ऑस्ट्रिया की भागीदारी की पुष्टि हो चुकी है। थाईलैंड की भागीदारी को लेकर स्थिति अभी प्रतीक्षित है। इन देशों के प्रतिनिधियों, खरीदारों और कारोबारी संस्थानों की मौजूदगी से प्रदेश के उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार की जरूरतों और व्यापारिक साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा का अवसर मिलेगा।
20 नॉलेज सेशन और 25 सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तावित
ट्रेड शो में उद्घाटन और समापन समारोह के अलावा 20 नॉलेज सेशन आयोजित किए जाने की तैयारी है। इसके साथ ही 25 सांस्कृतिक कार्यक्रमों के स्लॉट भी प्रस्तावित हैं। इन कार्यक्रमों में व्यापार, उद्योग, निर्यात और उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विभिन्न पहलुओं को प्रदर्शित किया जाएगा।उद्घाटन समारोह 25 सितंबर 2026 को पूर्वाह्न में प्रस्तावित है, जबकि समापन और पुरस्कार समारोह 29 सितंबर को दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक आयोजित किए जाने की योजना है। राष्ट्रीय गान और राष्ट्रीय गीत के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस बैंड का प्रस्ताव भी रखा गया है।
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 को प्रदेश के उत्पादों, उद्यमियों और औद्योगिक क्षमता को वैश्विक बाजार से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मंच के रूप में देखा जा रहा है।




