GautambudhnagarGreater noida news

एक्यूरेट संस्थान में ‘विद्यारंभ-26’ का भव्य आयोजन,करीब एक हजार नवप्रवेशित विद्यार्थियों को शिक्षा, करियर और भविष्य की चुनौतियों का मिला मार्गदर्शन

एक्यूरेट संस्थान में ‘विद्यारंभ-26’ का भव्य आयोजन,करीब एक हजार नवप्रवेशित विद्यार्थियों को शिक्षा, करियर और भविष्य की चुनौतियों का मिला मार्गदर्शन

ग्रेटर नोएडा। एक्यूरेट इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत और उच्च शिक्षा के सफर की शुरुआत के अवसर पर ‘विद्यारंभ-26’ स्वागत एवं परिचय समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम पंडित दीनदयाल उपाध्याय पुरातत्व संस्थान स्थित बी.बी. लाल सभागार में हुआ, जिसमें करीब एक हजार नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने भाग लिया।कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शैक्षणिक शिक्षा के साथ करियर निर्माण, नैतिक मूल्यों, व्यक्तित्व विकास, तकनीकी दक्षता, नेतृत्व क्षमता और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना रहा। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, मंत्रोच्चारण, सरस्वती वंदना और गणेश वंदना से हुआ।संस्थान के निदेशक डॉ. सुनील मिश्रा ने विद्यार्थियों का एक्यूरेट परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय जीवन सीखने, अपनी क्षमताओं को पहचानने और भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से संस्थान में उपलब्ध शैक्षणिक एवं विकासात्मक अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।प्रसिद्ध फिल्म एवं टेलीविजन अभिनेता सुदेश बेरी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए अपने पेशेवर जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास बनाए रखने, निरंतर प्रयास करने, रचनात्मक सोच विकसित करने और अपने सपनों के प्रति प्रतिबद्ध रहने के लिए प्रेरित किया।कोफोर्ज कंपनी के मानव संसाधन विभाग के सहायक उपाध्यक्ष गौरव सोनी ने ‘करियर का निर्माण और दिशा निर्धारण’ विषय पर विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि सफल करियर के लिए केवल शैक्षणिक योग्यता पर्याप्त नहीं है। कौशल, संवाद क्षमता, बदलते वातावरण के अनुरूप स्वयं को ढालने की क्षमता और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति भी आवश्यक है।सर्वोच्च न्यायालय बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार राय ने शिक्षा में नैतिकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान प्राप्त करना नहीं, बल्कि चरित्र, जिम्मेदारी और सही निर्णय लेने की क्षमता का विकास करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी, अनुशासन और नैतिक आचरण को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।सॉफ्टवेयर कंपनी एबिक्सकैश के मानव संसाधन विभाग के प्रमुख हर्ष राज जैन ने भविष्य के तकनीकी विशेषज्ञों की तैयारी विषय पर विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने तेजी से बदलती तकनीकी दुनिया और उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बढ़ते प्रभाव के बीच तकनीकी ज्ञान के साथ संवाद क्षमता, समस्या समाधान और नई तकनीकों को सीखने की आवश्यकता बताई।समारोह में बीटेक विद्यार्थियों ने देश के विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक विविधता पर आधारित समूह नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं हास्य कलाकार पवन कुमार सिंह की प्रस्तुति ने विद्यार्थियों का खूब मनोरंजन किया।कार्यक्रम के अंत में डॉ. अभिषेक प्रताप सिंह, निदेशक (पीजीडीएम) ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों, संस्थान के प्रबंधन, शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।संस्थान की चेयरपर्सन पूनम शर्मा ने सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि तकनीकी दक्षता के बढ़ते महत्व को देखते हुए संस्थान परिसर को वैश्विक स्तर के बुनियादी ढांचे से विकसित किया जा रहा है। सभी पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता और अन्य उन्नत तकनीकों का प्रशिक्षण देकर बेहतर रोजगार अवसरों के लिए तैयार किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि संस्थान आने वाले समय में रोजगार एवं चयन के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।उन्होंने समारोह में शामिल सभी अतिथियों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button