GautambudhnagarGreater noida news

IHE 2026 के दूसरे दिन नवाचार, ज्ञान सत्र और पाक-कला का दिखा शानदार संगम । हाउसकीपर्स कॉन्क्लेव, ODOC पवेलियन, पेस्ट्री क्वीन इंडिया और स्पिरिट्ज़ बार क्राफ्ट चैलेंज रहे आकर्षण का केंद्र

IHE 2026 के दूसरे दिन नवाचार, ज्ञान सत्र और पाक-कला का दिखा शानदार संगम

हाउसकीपर्स कॉन्क्लेव, ODOC पवेलियन, पेस्ट्री क्वीन इंडिया और स्पिरिट्ज़ बार क्राफ्ट चैलेंज रहे आकर्षण का केंद्र

ग्रेटर नोएडा। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल हॉस्पिटैलिटी एक्सपो (IHE) 2026 के नौवें संस्करण के दूसरे दिन होटल, रेस्टोरेंट, फूड सर्विस और हॉस्पिटैलिटी उद्योग से जुड़े हजारों पेशेवरों की मौजूदगी रही। प्रदर्शनी में नवाचार, ज्ञानवर्धक सत्र, प्रतियोगिताओं और बिजनेस नेटवर्किंग ने आगंतुकों को आकर्षित किया।इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड (IEML) के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि आज हॉस्पिटैलिटी उद्योग का भविष्य नवाचार, सहयोग और निरंतर सीखने की संस्कृति पर आधारित है। उन्होंने बताया कि IHE उद्योग से जुड़े सभी हितधारकों को एक मंच पर लाकर नए व्यावसायिक अवसर और साझेदारियां विकसित करने का अवसर प्रदान कर रहा है।दूसरे दिन प्रोफेशनल हाउसकीपर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित हाउसकीपर्स कॉन्क्लेव 5.0 प्रमुख आकर्षण रहा। इसमें विशेषज्ञों ने हाउसकीपिंग क्षेत्र की चुनौतियों और संभावनाओं पर चर्चा की, जबकि टीम-बिल्डिंग सत्र और सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया। HOTREMAI के प्रेसिडेंट अनिल मल्होत्रा ने कहा कि उत्कृष्ट अतिथि अनुभव के पीछे मजबूत हाउसकीपिंग व्यवस्था की अहम भूमिका होती है।प्रदर्शनी में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के सहयोग से स्थापित ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूज़ीन (ODOC)’ पवेलियन ने विशेष आकर्षण बटोरा। यहां प्रदेश के विभिन्न जिलों के पारंपरिक व्यंजनों और स्थानीय खाद्य उत्पादों को प्रदर्शित किया गया, जिसे होटल एवं फूड सर्विस उद्योग के खरीदारों ने खूब सराहा।

‘पेस्ट्री क्वीन इंडिया 2026’ प्रतियोगिता में युवा पेस्ट्री शेफ्स ने अपनी रचनात्मकता और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया, जबकि ‘स्पिरिट्ज़ बार क्राफ्ट चैलेंज (रूकीज़)’ में युवा मिक्सोलॉजिस्ट्स ने आधुनिक पेय अवधारणाओं से निर्णायकों को प्रभावित किया। इसके अलावा मास्टरशेफ शिप्रा खन्ना की कुलिनरी मास्टरक्लास और ‘स्ट्रीट फूड डेज़र्ट विद इनोवेटिव पैकेजिंग’ प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रहीं।

FCML Distributors Ltd. के चेयरमैन निर्मल खंडेलवाल ने कहा कि आधुनिक हॉस्पिटैलिटी उद्योग में उत्कृष्ट सेवाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण डिज़ाइन और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर की भी महत्वपूर्ण भूमिका है तथा IHE उद्योग को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप समाधान उपलब्ध करा रहा है।प्रदर्शनी में होटल सप्लाई, कमर्शियल किचन, बेकरी एवं कन्फेक्शनरी समाधान, स्मार्ट हॉस्पिटैलिटी टेक्नोलॉजी, इंटीरियर, हाउसकीपिंग, वेलनेस और सुरक्षा प्रणालियों से जुड़े नवीनतम उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। देश-विदेश से आए खरीदारों और प्रदर्शकों के बीच व्यावसायिक बैठकों का सिलसिला भी पूरे दिन जारी रहा।

आयोजकों के अनुसार, 8 अगस्त तक चलने वाले IHE 2026 में आगामी दिनों में मास्टर बेकर्स चैलेंज इंडिया, हॉस्पिटैलिटी डिज़ाइन सिम्पोज़ियम, कुलिनरी लीग, होस्टेड बायर मीटिंग्स और कई तकनीकी एवं नेतृत्व सत्र आयोजित किए जाएंगे। चार दिवसीय इस एक्सपो में 1,000 से अधिक ब्रांड और 25,000 से अधिक व्यापारिक आगंतुक शामिल हो रहे हैं, जिससे यह भारत के हॉस्पिटैलिटी एवं होरेका उद्योग का प्रमुख मंच बनकर उभर रहा है।

Related Articles

Back to top button