जीएनआईओटी इंस्टीट्यूट में एचपीवी जागरूकता सत्र आयोजित, सर्वाइकल कैंसर से बचाव और टीकाकरण पर दिया गया जोर
जीएनआईओटी इंस्टीट्यूट में एचपीवी जागरूकता सत्र आयोजित, सर्वाइकल कैंसर से बचाव और टीकाकरण पर दिया गया जोर

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा स्थित जीएनआईओटी इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज में गुरुवार को सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम और एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) संक्रमण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संस्थान की आंतरिक शिकायत समिति, स्त्री वेलफेयर फाउंडेशन तथा चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया।यह जागरूकता कार्यक्रम प्रदेशव्यापी अभियान “आनंदी मां – सेव ए लाइफ अभियान (कैंसर-मुक्त भारत यात्रा 2026–27)” के अंतर्गत आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं, किशोरियों और युवतियों को सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूक करना तथा एचपीवी टीकाकरण के महत्व से अवगत कराना है।
कार्यक्रम का आयोजन संस्थान की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) सविता मोहन के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस संक्रमण, सर्वाइकल कैंसर के कारण, लक्षण, बचाव के उपाय तथा समय पर टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सही समय पर लगाया गया एचपीवी टीका महिलाओं और किशोरियों को इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।कार्यक्रम में बताया गया कि यह अभियान उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा और मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, नियमित स्वास्थ्य जांच को प्रोत्साहित करना तथा समय पर टीकाकरण के माध्यम से सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम सुनिश्चित करना है।इस दौरान सर्वाइकल कैंसर के लक्षण, बचाव के उपाय, 9 से 26 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं एवं युवा महिलाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण की आवश्यकता तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही सामूहिक प्रयासों से कैंसर-मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प भी दोहराया गया।कार्यक्रम के समापन पर वक्ताओं ने कहा कि “जागरूकता ही बचाव की पहली सीढ़ी है” तथा “एचपीवी टीकाकरण जीवन की सुरक्षा का प्रभावी माध्यम है।” अंत में कार्यक्रम संचालक ने उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।




