इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक ने किया अभिनारी प्रगति सिलाई कौशल विकास केंद्र का उद्घाटन
इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक ने किया अभिनारी प्रगति सिलाई कौशल विकास केंद्र का उद्घाटन

बिरौंडी/ ग्रेटर नोएडा।महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत अभिनंदन एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी द्वारा इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड (EIL) के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) सहयोग से स्थापित अभिनारी प्रगति सिलाई कौशल विकास केंद्र का उद्घाटन आज बिरौंडी, ग्रेटर नोएडा में संपन्न हुआ।इस अवसर पर इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अतुल गुप्ता, निदेशक (वित्त) संजय जिंदल तथा निदेशक (मानव संसाधन) रूपेश कुमार सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ ईआईएल के वरिष्ठ अधिकारी—महाप्रबंधक विवेक अवस्थी, मालविका भटनागर एवं साहिल कपूर—अभिन्नदन एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी के पदाधिकारी, स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में महिला लाभार्थी भी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के पारंपरिक स्वागत, फीता काटकर केंद्र के उद्घाटन तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों ने प्रशिक्षण केंद्र का अवलोकन किया, सिलाई एवं परिधान निर्माण का प्रदर्शन देखा तथा प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं से संवाद कर उनके अनुभव एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली।
इस अवसर पर अभिनंदन एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी की संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुश्री मनीषा भाटिया ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह केंद्र महिलाओं को कौशल विकास के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इस पहल के लिए इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड के सहयोग एवं विश्वास के प्रति आभार व्यक्त किया।
अपने संबोधन में ईआईएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री अतुल गुप्ता ने कहा कि कौशल विकास कार्यक्रम समाज के समावेशी विकास और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं को पूरे समर्पण के साथ इस अवसर का लाभ उठाने तथा अपने कौशल को स्वरोजगार एवं रोजगार के माध्यम में परिवर्तित करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के दौरान महिला लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा इस पहल के प्रति आभार व्यक्त किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के उपरांत सभी अतिथियों ने महिला प्रशिक्षुओं एवं परियोजना टीम के साथ समूह छायाचित्र भी खिंचवाया।
अभिनारी प्रगति सिलाई कौशल विकास केंद्र का उद्देश्य महिलाओं को आधुनिक सिलाई एवं परिधान निर्माण का प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना तथा उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाना है।
यह पहल इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड एवं अभिनंदन एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी की महिलाओं के कौशल विकास, आजीविका संवर्धन एवं समावेशी सामाजिक विकास के प्रति साझा प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है।




