‘संभव अभियान 6.0’ के तहत दनकौर परियोजना के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों पर गोद भराई कार्यक्रम हुआ आयोजित
‘संभव अभियान 6.0’ के तहत दनकौर परियोजना के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों पर गोद भराई कार्यक्रम हुआ आयोजित

गौतमबुद्धनगर।बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग (आईसीडीएस) द्वारा संचालित बाल विकास परियोजना दनकौर में बाल विकास परियोजना अधिकारी संध्या सोनी के कुशल निर्देशन में ‘संभव अभियान 6.0’ (थीम: “गर्भावस्था से बाल्यावस्था तक पोषण सुरक्षा”) के अंतर्गत सभी सेक्टरों के आंगनवाड़ी केंद्रों पर सामुदायिक आधारित गतिविधि के रूप में प्रथम तिमाही की गर्भवती महिलाओं के लिए गोद भराई कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया।इसी क्रम में कासना सेक्टर स्थित दादूपुर आंगनवाड़ी केंद्र पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व प्रधान प्रेमराज सिंह तथा प्राथमिक विद्यालय दादूपुर के प्रधानाचार्य बलेराम नागर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा प्रथम तिमाही की गर्भवती महिलाओं—रीता, ओमवती, अंजू, बेबीश्यामी, ललिता एवं श्वेता का पारंपरिक रीति-रिवाज से गोद भराई संस्कार संपन्न कराया गया। साथ ही लाभार्थियों को पोषण किट, विभागीय पोषाहार एवं आयरन-फॉलिक एसिड की गोलियां वितरित की गईं।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित गर्भवती महिलाओं को जागरूक करते हुए बताया गया कि माँ और शिशु दोनों के उत्तम स्वास्थ्य के लिए गर्भावस्था की शुरुआत से ही पोषण पर विशेष ध्यान देना अत्यंत आवश्यक है। महिलाओं को दैनिक आहार में हरी सब्जियां एवं पीले फल शामिल करने, नियमित रूप से आयरन-फॉलिक एसिड की गोलियां लेने तथा सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने के लिए न्यूनतम चार बार एएनसी स्वास्थ्य जांच कराने का संदेश दिया गया।परियोजना के विभिन्न सेक्टरों दादूपुर, निलोनी शाहपुर, अट्टा फतेहपुर, अछेजा बुजुर्ग, बिलासपुर, सिरसा आदि में आयोजित इन कार्यक्रमों का सफल संचालन क्षेत्रीय मुख्य सेविका माधुरी, ममता, प्रीति, किरण, निहारिका एवं अनु के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रमों में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।




